सारण जिले में 80 से अधिक महिलाओं को मिला रोजगार
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला में अब सरकारी कार्यालयों की साफ-सफाई का जिम्मा जीविका दीदियों ने संभाल लिया है। बताया जाता है कि बीते एक जुलाई से जिले के विद्युत् आपूर्ति अंचल छपरा, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल पूर्वी और पश्चिमी के कार्यालयों में जीविका दीदियों ने सफाई कार्य की शुरुआत की।
फिलहाल सारण जिला मुख्यालय छपरा सदर में दो, जबकि तेलपा और शीतलपुर में तीन-तीन जीविका दीदियां कार्यालय परिसरों की साफ-सफाई का कार्य कर रही हैं। इस पहल से इन महिलाओं को सीधे रोजगार का अवसर प्रदान किया है।
बिहार सरकार के हालिया निर्णय के तहत प्रखंड सह अंचल कार्यालयों में भी जीविका दीदियां जल्द ही सफाई कार्य शुरू करेंगी। इससे जहां कार्यालयों में स्वच्छता कायम होगी, वहीं स्थानीय स्तर पर बड़ी संख्या में महिलाओं को स्थायी आजीविका के अवसर भी मिलेंगे।

उल्लेखनीय है कि महिला संवाद कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने स्थानीय रोजगार के अवसरों की मांग की थी, जिस पर सरकार ने त्वरित संज्ञान लेते हुए स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं को रोजगार से जोड़ने की दिशा में ठोस कदम उठाया है। जीविका के गैर कृषि प्रबंधक अभिषेक श्रीवास्तव ने 2 जुलाई को उपरोक्त जानकारी देते हुए बताया कि जिले में सदर अस्पताल, अनुमंडल अस्पताल सोनपुर और अनुसूचित जाति एवं जनजाति आवासीय विद्यालय मढ़ौरा में पहले से ही जीविका दीदियों द्वारा सफाई का कार्य किया जा रहा है।
इससे सारण जिले में 82 दीदियों को रोजगार मिला है। अब जिले के सभी 20 प्रखंड सह अंचल कार्यालयों में सफाई कार्य की शुरुआत से कम-से-कम 80 और जीविका दीदियों के लिए रोजगार के नए द्वार खुलेंगे। इसके साथ ही संकुल स्तरीय संघों की आय में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
![]()













Leave a Reply