Advertisement

गांधी व् शास्त्री जयंती पर जेल अदालत सह कानूनी जागरूकता शिविर

ममता सिन्हा/तेनुघाट (बोकारो)। गांधी जयंती एवं शास्त्री जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को बोकारो जिला के हद में तेनुघाट उपकारा में जेल अदालत सह कानूनी जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में जेल बंदी शामिल हुए।

आयोजित कानूनी जागरूकता शिविर में बंदियों को संबोधित करते हुए व्यवहार न्यायालय तेनुघाट के एसीजेएम मनोज कुमार प्रजापति ने सबसे पहले गांधी जयंती एवं शास्त्री जयंती की बधाई दी। बंदियों को शास्त्री जी और गांधी जी का मूल सिद्धांत के बारे में जानकारी दी और उनके बताए गए मार्ग पर चलने को कहा। उन्होंने कहा कि हमें अपने आसपास स्वच्छ रखना चाहिए।

इसलिए आप भी स्वच्छता को बरकरार रखते हुए जेल को स्वच्छ रखें। जिससे बीमारियों से दूर रहा जा सकता है। साथ ही बंदियों को उनके अधिकारों की जानकारियां देते हुए बताया कि वैसे बंदी जो स्वयं के खर्च पर अपना अधिवक्ता रख पाने में असमर्थ हैं, उनके लिए सर्वोच्च न्यायालय नई दिल्ली के निर्देश पर लीगल एड डिफेंस काउंसिल के तहत अधिवक्ताओं की प्रतिनियुक्ति की व्यवस्था की गई है। जो उन बंदियों के केस में संबंधित न्यायालय में निरंतर पैरवी करते हैं।

अधिवक्ता मो. सबीर ने भी बंदियों को बताया कि हमें हमेशा कानून के दायरे में चलना चाहिए। जिससे हमें कभी भी किसी भी प्रकार की परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा। मंच संचालन कर रहे अधिवक्ता सुभाष कटरियार ने बताया कि हमेशा हम गुस्से में आकर कोई ना कोई गलतियां कर देते हैं। इसलिए हमें कभी भी गुस्सा नहीं करना चाहिए। जिससे हम किसी भी प्रकार के गुनाह करने से बच सकते हैं।

स्वागत भाषण और धन्यवाद ज्ञापन करते हुए जेलर नीरज कुमार ने भी बंदियों को बताया कि यह जेल नहीं सुधार गृह है। हमें यहां से अपने आप को सुधार कर और पड़ोसी को भी गुनाह करने से रोकना होगा। इससे पूर्व सभी गणमान्य जनों द्वारा लाल बहादुर शास्त्री और महात्मा गांधी की तस्वीर के ऊपर माल्यार्पण और फूलमाला अर्पित किया गया। वही 2 अक्टूबर के अवसर पर जेल से एक बंदी रंजीत अग्रवाल को छोड़ा गया।

बताते चले कि तेनुघाट व्यवहार न्यायालय के प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी राजेश रंजन कुमार की अदालत से बीते 29 अगस्त 2024 से बंद बंदी को जमानत पर छोड़ा गया। वहीं इस मौके पर लिपिक इश्तियाक अंसारी, कंप्यूटर ऑपरेटर विजय कुमार, पीएलवी मदन प्रजापति, आकाश कुमार, सचिन कुमार आदि उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *