Advertisement

रांची के पूर्व डीसी के खिलाफ एक और मामले की जांच शुरू

प्रहरी संवाददाता/रांची (झारखंड)। झारखंड की राजधानी रांची के पूर्व जिला उपायुक्त छवि रंजन के खिलाफ एक और मामले में जांच शुरू हो गयी है। पूर्व उपायुक्त छवि रंजन पर नामकुम में 2.16 एकड़ जमीन पर कब्जा कराने का आरोप है।

इसकी शिकायत मिलने पर राज्य सरकार ने मामले की जांच कर प्रमंडलीय आयुक्त से रिपोर्ट मांगी है। प्रमण्डलीय आयुक्त मनोज जयसवाल ने जांच दल का गठन किया है। जानकारी के अनुसार इस जांच दल में उप निदेशक (खाद्य) संध्या गुप्ता और उप निदेशक (कल्याण) निरंजन कुमार शामिल हैं। जांच दल को जांच कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा गया है।

ज्ञात हो कि, इस मामले में रांची के पूर्व डीसी पर जिस जमीन पर कब्जा दिलाने का आरोप है, जिसका मामला हाइकोर्ट में लंबित है। नामकुम अंचल के आरा गेट के सूरत नारायण तिवारी ने इस मामले में पूर्व उपायुक्त छवि रंजन के खिलाफ शिकायत की थी, जिसके बाद राज्य सरकार ने इन आरोपों की जांच कर आयुक्त से रिपोर्ट मांगी है।

पूर्व उपायुक्त के खिलाफ आरोप है कि रांची जिला के हद में नामकुम अंचल के आरा गेट में खाता क्रमांक-152, प्लाॅट नंबर-1304, थाना क्रमांक-178 में 2.16 एकड़ जमीन शिकायतकर्ता के पिता संजय नारायण तिवारी के नाम पर खतियान में दर्ज है। वर्ष 2018 तक जमीन की रसीद भी कटी है।

आरोप है कि, बाद में अनंत और विनोद गुप्ता ने सरकारी कर्मचारियों की मिलीभगत से इस जमीन का फर्जी कागजात तैयार करा लिया। इसके खिलाफ झारखंड उच्च न्यायालय में सुनवाई चल रही है।

आरोप है कि पूरे मामले की जानकारी रहने के बाद भी पूर्व उपायुक्त ने सीओ और पुलिस बल भेज कर उक्त जमीन पर कब्जा करा दिया। सरकार के आदेश के बाद छवि रंजन के खिलाफ लगे आरोपों की जांच के लिए आयुक्त ने जांच दल का गठन किया है।

 

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *