Advertisement

गांधीनगर पुलिस द्वारा अंतरराज्यीय छिनतई गिरोह का भंडाफोड़, गिरफ्त में तीन आरोपी

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में सहायक थाना गांधीनगर पुलिस ने बीते 2 दिसंबर को एंटी क्राइम चेकिंग के दौरान एक अंतरराज्यीय छिनतई गिरोह का पर्दाफाश करने में सफलता पायी है।

बताया जाता है कि बीते 2 दिसंबर को दोपहर लगभग 3 बजे थाना क्षेत्र के कथारा-फुसरो मार्ग पर चार नंबर मोड़ अब्दुल हमीद चौक के समीप सशस्त्र बल के साथ चेकिंग की जा रही थी। इस दौरान करीब 3:40 बजे जारंगडीह की तरफ से दो पल्सर मोटरसाइकिल आते दिखा। रुकने का संकेत देने पर दोनों बाइक सवार तेजी से भागने लगे। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर तीनों बाइक सवारों को पकड़ लिया गया।

पुलिस के अनुसार पकड़े गए युवकों की पहचान 33 वर्षीय सुनील दास, 22 वर्षीय कबाड़ी गोपाल और 21 वर्षीय अउला आलोक राव के रूप में की गयी। सभी आरोपी उड़ीसा प्रांत के जाजपुर जिला रहिवासी बताये जा रहे हैं। पुलिस टीम द्वारा कागजात मांगने पर वे घबरा गए और कोई वाहन दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।

पुलिस द्वारा पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि उक्त बाइक क्रमांक-OD04S/2820 को उन्होंने आंध्रप्रदेश से चोरी की है, जिस पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर बोकारो में बैंक एवं ज्वेलरी दुकानों की रैकी कर रहे थे। साथ ही बैंक से रकम निकालने वाले ग्राहकों से छिनतई की घटनाओं को अंजाम देते थे। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने बीते माह 26 नवंबर को थाना क्षेत्र के जरीडीह बाजार स्थित आदित्य ज्वेलर्स के थैले को झपटने की भी बात स्वीकार की। तलाशी में पुलिस ने दो पल्सर बाइक, चार मोबाइल फोन, पांच फर्जी नंबर प्लेट और एक नट खोलने वाला पाना बरामद किया है। जांच दल में गांधीनगर थाना प्रभारी धनंजय कुमार सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक बिल्फ्रेड लकड़ा, सहायक अवर निरीक्षक लक्ष्मण यादव एवं सशस्त्र बल शामिल थे। पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है।

 

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *