Advertisement

आगामी एक फरवरी से जिला के 70 परीक्षा केंद्रों पर होगी इंटरमीडिएट परीक्षा

परीक्षा में 61686 परीक्षार्थी होंगे शामिल, डीएम ने की केंद्राधीक्षकों के साथ बैठक

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के कुल 70 परीक्षा केंद्रों पर आगामी एक फरवरी से इंटरमीडिएट की परीक्षा होगी। इन परीक्षा केंद्रों पर कुल 61686 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे।

जानकारी के अनुसार सारण के जिलाधिकारी (डीएम) अमन समीर की अध्यक्षता में 28 जनवरी को सारण जिला मुख्यालय छपरा स्थित समाहरणालय सभा कक्ष में
परीक्षा को स्वच्छ एवं कदाचार मुक्त वातावरण में आयोजन को लेकर उपरोक्त सभी परीक्षा केंद्र के केंद्राधीक्षकों की बैठक में यह जानकारी दी गई।

बैठक में जिलाधिकारी समीर ने सभी केंद्राधीक्षकों से स्वच्छ एवं कदाचार मुक्त वातावरण में परीक्षा आयोजन को लेकर बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के सभी निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि
परीक्षा केंद्र के सभी वीक्षकों एवं अटेंडेंट का परिचय पत्र अनिवार्य होगा। सभी परीक्षार्थी की फ्रिस्किंग कड़ाई से सुनिश्चित करने को कहा गया।

बैठक में कहा गया कि प्रथम पाली के परीक्षार्थियों को परीक्षा प्रारम्भ होने के समय (पूर्वाह्न 09:30 बजे) से 30 मिनट पूर्व अर्थात् पूर्वाह्न 9 बजे तक परीक्षा भवन में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। इसी प्रकार द्वितीय पाली के परीक्षार्थियों को द्वितीय पाली के परीक्षा प्रारम्भ होने के समय (अपराह्न 2 बजे) से 30 मिनट पूर्व अर्थात अपराह्न 1:30 बजे तक ही परीक्षा भवन में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी।

दोनों पालियों के लिए निर्धारित समय के बाद अर्थात् विलम्ब से आने वाले परीक्षार्थियों को परीक्षा भवन में प्रवेश की अनुमति कदापि नहीं दी जाएगी। इसका सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करेंगे।

उन्होंने कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों का भौतिक निरीक्षण पदाधिकारियों के माध्यम से कराया जा रहा है। जो भी कमियां पाई जाएगी, उसे केंद्र अधीक्षक दुरुस्त करेंगे। किसी भी परीक्षा केंद्र के चारों तरफ चहारदीवारी होगी। आवश्यकता के अनुसार बैरिकेडिंग भी कराना सुनिश्चित करेंगे। बैठक में अपर समाहर्त्ता, जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं सभी केंद्र अधीक्षक उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *