पूर्व मुख्यमंत्री दारोगा प्रसाद राय का गृह क्षेत्र रहा है परसा विधानसभा क्षेत्र
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण संसदीय क्षेत्र का परसा विधानसभा क्षेत्र बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री दारोगा प्रसाद राय का गृह विधानसभा क्षेत्र रहा है। इस विधानसभा से इस बार 12 प्रत्याशी चुनावी समर में अपना भाग्य आजमा रहे हैं।
इस क्षेत्र की खास बात यह है कि यहां की राजनीति घूम फिर कर उसी परिवार के इर्द – गिर्द घूमती – फिरती दिखाई पड़ती है। इन्हीं पूर्व मुख्यमंत्री की पौत्री करिश्मा महागठबंधन (आरजेडी) से अपने हाथ में लालटेन चुनाव चिह्न थाम कर चुनावी समर में कूद चुकी है। जबकि वर्ष 2020 में आरजेडी से इसी क्षेत्र से विधायक बनें छोटेलाल राय ने लालटेन को अलविदा कह कर इस बार एनडीए के घटक जदयू प्रत्याशी के रूप में हाथों में तीर थामकर आरजेडी की ओर घुमा दिया हैं।
इस क्षेत्र से आम आदमी पार्टी से पवन तिवारी (झाड़ू), बहुजन समाजवादी पार्टी से मो. शमीम अंसारी (हाथी), इंसानियत पार्टी से जवाहिर सिंह (कलम की निब सात किरणों के साथ), नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी से विपिन कुमार सिंह (घड़ी), प्राउटिस्ट ब्लॉक इंडिया से मदन मोहन श्रीवास्तव (बांसुरी), जनसुराज पार्टी से मुसाहिब महतो (स्कूल का बस्ता), भारतीय लोक चेतना पार्टी से श्यामबाबू राय (चारपाई), निर्दलीय भुवनेश्वर प्रसाद गुप्ता (गैस सिलेंडर), रामेश्वर प्रसाद राय (बैटरी टॉर्च) एवं श्रीनिवास साह (ट्रक) भी चुनाव मैदान में हैं। इन सबकी उपस्थिति मतदाताओं के बीच दिख रही है।
परसा विधान सभा क्षेत्र में है 327 मतदान केंद्र
सारण जिला के परसा विधानसभा क्षेत्र में कुल 269888 मतदाता हैं, जिनमें 142081 पुरुष, 127805 महिला एवं अन्य 2 मतदाता शामिल है। इस क्षेत्र में 327 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। वर्ष 2020 के बिहार विधानसभा चुनाव में परसा क्षेत्र से राजद के छोटे लाल राय ने जीत दर्ज की थी।
उन्हें कुल 68,316 मत (44.36 प्रतिशत) प्राप्त हुए थे, जबकि पूर्व मुख्यमंत्री दारोगा प्रसाद राय के पुत्र जदयू के चंद्रिका राय को 51,023 मत (33.13 प्रतिशत) मिले थे। अब इस क्षेत्र का राजनीतिक समीकरण बदल चुका है। इस बार राजद की ओर से चंद्रिका राय की भतीजी डॉ करिश्मा राय मैदान में हैं, जबकि जदयू से फिर छोटे लाल राय ताल ठोक रहे हैं। यह मुकाबला एक बार फिर रोचक और प्रतिष्ठा का प्रश्न बन चुका है।
![]()













Leave a Reply