Advertisement

खराब प्रदर्शन करने 5 प्रखंडों के प्रखंड कृषि पदाधिकारी से स्पष्टीकरण पूछने का निर्देश

फार्मर रजिस्ट्री एवं ई-केवाईसी को लेकर जिलाधिकारी ने की समीक्षा बैठक

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण के जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने 31 दिसंबर को जिला मुख्यालय छपरा स्थित अपने कार्यालय कक्ष में जिला में जारी फार्मर रजिस्ट्री एवं ई-केवाईसी कार्य की समीक्षा की।

समीक्षा के क्रम में फार्मर रजिस्ट्री में जिले की अद्यतन उपलब्धि असंतोषप्रद पाई गई, जिसपर जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी व्यक्त की। बताया गया कि सारण जिला में अभी तक 105298 किसानों का ई-केवाईसी किया गया है। इनमें से 12431 किसानों का फार्मर रजिस्ट्री हुआ है।

जिलाधिकारी ने ई-केवाईसी एवं फार्मर रजिस्ट्री के कार्य में गुणात्मक प्रगति लाने का स्पष्ट निर्देश दिया। कहा कि ई-केवाईसी का कार्य कृषि विभाग के किसान सलाहकार एवं कृषि समन्वयक द्वारा किया जा रहा है।

जिलाधिकारी ने प्रतिदिन प्रति कर्मी 50 ई-केवाईसी करने के लक्ष्य के साथ कार्य करने को कहा। साथ हीं ई-केवाईसी के उपरांत वैसे किसान जिनके नाम से जमाबंदी कायम है, उनका फार्मर रजिस्ट्री किया जाता है। यह कार्य राजस्व कर्मचारी द्वारा किया जाता है। जिलाधिकारी ने प्रति राजस्व कर्मचारी प्रतिदिन कम से कम 10 फार्मर रजिस्ट्री के लक्ष्य के साथ कार्य करने का स्पष्ट निर्देश दिया।

ई-केवाईसी में सबसे खराब प्रदर्शन करने वाले 5 प्रखंडो यथा पानापुर, बनियापुर, गरखा, मशरख एवं इसुआपुर के प्रखंड कृषि पदाधिकारी से स्पष्टीकरण मांगा गया। अपर समाहर्त्ता को प्रतिदिन के प्रगति की समीक्षा सुनिश्चित करने को कहा गया। स्वयं जिलाधिकारी भी हर दूसरे दिन इसकी समीक्षा करेंगे। बैठक में अपर समाहर्त्ता मुकेश कुमार, जिला कृषि पदाधिकारी मधुरेंद्र कुमार सिंह, उप निदेशक कृषि तथा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी अंचलाधिकारी एवं प्रखंड कृषि पदाधिकारी जुड़े थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *