एस. पी. सक्सेना/बोकारो। नगरपालिका आम निर्वाचन को लेकर 22 फरवरी की देर शाम बोकारो के जिला निर्वाचन पदाधिकारी (डीईओ) सह उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा ने सड़क से मतदान केंद्र (बुथ) तक का दौरा किया। इस क्रम में डीईओ सह डीसी जिला के हद में चास नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया।

बताया जाता है कि निरीक्षण के दौरान डीईओ सह डीसी ने मतदान केंद्रों पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं यथा पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण क्रम में डीईओ सह डीसी ने मतदान कर्मियों से संवाद कर मतदान प्रक्रिया की तैयारियों की जानकारी ली तथा सभी व्यवस्थाओं को समय पर पूर्ण करने का निर्देश दिया, ताकि मतदान प्रक्रिया सुचारु एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

बताया जाता है कि निरीक्षण के क्रम में डीईओ सह डीसी ने चास स्थित होटल मानभूम, होटल राजदूत एवं होटल शिवम का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने होटल में ठहरे ग्राहकों का विवरण जांचा तथा होटल संचालकों को आगंतुकों का अद्यतन अभिलेख संधारित करने और आवश्यक सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए सभी संबंधित संस्थानों को प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अनुपालन करना अनिवार्य है। मौके पर निर्वाची पदाधिकारी सह बीडीओ चास प्रदीप कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह सहित अन्य पदाधिकारीगण उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply