Advertisement

सेवा का अधिकार सप्ताह पर एसपी द्वारा बालीडीह में हथियार प्रदर्शनी स्टॉल का निरीक्षण

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। आपकी योजना–आपकी सरकार–आपके द्वार सेवा का अधिकार सप्ताह कार्यक्रम के तहत बोकारो के पुलिस अधीक्षक (एसपी) हरबिंदर सिंह ने 28 नवंबर को मध्य विद्यालय गोविंद मार्केट बालीडीह में बोकारो पुलिस द्वारा लगाए गए हथियार प्रदर्शनी स्टॉल का निरीक्षण किया।

प्रदर्शनी में पुलिस के आधुनिक हथियारों, उपकरणों और कार्यप्रणाली को देखने के लिए बड़ी संख्या में छात्र व स्थानीय रहिवासी उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान एसपी ने पुलिस अधिकारियों से प्रदर्शित हथियारों की उपयोगिता व संचालन प्रक्रिया की जानकारी ली तथा सुरक्षा मानकों का जायज़ा लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आमजनों को पुलिस सिस्टम के प्रति जागरूक करना और पुलिस-पब्लिक के बीच बेहतर तालमेल बनाना रहा।

सरकार आपके द्वार में लगे स्टॉल के साथ ही बोकारो पुलिस द्वारा साइबर सुरक्षा, महिला अपराध रोकथाम और सड़क सुरक्षा पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। विशेषज्ञों ने बताया कि किस प्रकार साइबर ठगी से बचा जाए, महिला सुरक्षा से जुड़े कानून क्या हैं तथा सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए राहगीरों को किन नियमों का पालन करना चाहिए।

इस अवसर पर एसपी हरबिंदर सिंह ने कहा कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास एवं सहयोग ही सुरक्षित समाज की नींव है। ऐसे कार्यक्रमों से हम सभी को सुरक्षा व्यवस्था, साइबर अपराध, महिला सुरक्षा और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक कर पा रहे हैं। बोकारो पुलिस का उद्देश्य अपराध नियंत्रण के साथ-साथ जनता के साथ मिलकर सुरक्षित वातावरण तैयार करना है। इस अवसर पर स्थानीय रहिवासियों व विद्यार्थियों ने बोकारो पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से पुलिस-पब्लिक के बीच का रिश्ता और मजबूत होता है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *