Advertisement

इंडिया गठबंधन ने मजदूर हड़ताल एवं बिहार बंद की सफलता को लेकर निकाला जुलूस

एस. पी. सक्सेना/समस्तीपुर (बिहार)। मजदूर व देश विरोधी कॉरपोरेट परस्त मोदी सरकार की नीतियों के खिलाफ 4 श्रम संहिता पर रोक लगाने, 12 घंटे कार्य दिवस आदेश व नये फौजदारी कानून रद्द करने, बिहार में गहन मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य, निजीकरण एवं एनपीएस पर रोक लगाने आदि मांगों को लेकर आगामी 9 जुलाई की देशव्यापी मजदूर हड़ताल को आमजनों से सफल बनाने की अपील इंडिया गठबंधन ने ताजपुर वासियों से की है।

जानकारी के अनुसार 4 जुलाई को इंडिया गठबंधन के घटक राजद, कांग्रेस, भाकपा माले, भाकपा, वीआईपी आदि दलों के कार्यकर्ता समस्तीपुर जिला के हद में ताजपुर नगर परिषद क्षेत्र के ऐतिहासिक जनता मैदान में इकट्ठा होकर अपने हाथों में मांगों से संबंधित तख्तियां लेकर जुलूस निकाला। जुलूस नारा लगाते बाजार भ्रमण के बाद पुनः कर्बला चौक पर पहुंचकर सभा में तब्दील हो गया। सभा की अध्यक्षता भाकपा माले प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने की।

सभा को संबोधित करते हुए राजद प्रखंड अध्यक्ष मो. नूर आलम ने आगामी 9 जुलाई को ट्रेड यूनियनों के राष्ट्रव्यापी आह्वान पर प्रस्तावित आम हड़ताल एवं बिहार बंद को सफल बनाने के लिए स्कीम वर्कर्स, मजदूर-किसान का जीबी बैठक, नुक्कड़ सभा, टेम्पू प्रचार- प्रसार समेत व्यापक तैयारी के कार्यों में लगने की उपस्थित रहिवासियों से अपील की।

भाकपा के अंचल सचिव रामप्रीत पासवान ने कहा कि हड़ताल के दिन क्षेत्र के मजदूर-किसान अपना काम बंद रखकर सुबह 9 बजे गांधी चौक ताजपुर से जुलूस निकालेंगे। कांग्रेस के प्रखंड अध्यक्ष अब्दुल मालिक ने कहा कि केंद्र सरकार की श्रमिक विरोधी नीतियों, महंगाई, बेरोजगारी, आउटसोर्सिंग पर रोक लगाने, स्थायी काम की गारंटी करने, ठेका कर्मचारियों के लिए समान काम का समान वेतन की नीति लागू करने आदि मुद्दों को लेकर यह हड़ताल जनाक्रोश का प्रतीक होगा।

सभा में वीआईपी के प्रखंड अध्यक्ष फैजान अहमद ने केंद्र सरकार की उपेक्षापूर्ण एवं जनविरोधी नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि केंद्र सरकार गहन मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान चलाकर गरीब एवं वंचित तबकों का नाम मतदाता सूची से बाहर करने की साज़िश कर रही है, जो निंदनीय है। यह लोकतंत्र एवं संविधान के खिलाफ है। इसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता है। किसान नेता ब्रह्मदेव प्रसाद सिंह ने ताजपुर वासियों से आम हड़ताल एवं बिहार बंद आंदोलन को सक्रिय समर्थन देकर बड़ी भागीदारी के साथ सफल बनाने की अपील की।

मौके भाकपा के शंकर राय, राजेश कुमार, रामबृक्ष राय, विश्वनाथ पंडित, कांग्रेस के मो. मोईन रजा, कमरूल हसन, अबू हैदर, मो. अरमान, संजय राय, राजद के मो. शकील, भाकपा माले के आसिफ होदा, प्रभात रंजन गुप्ता, मो. मुन्ना, मो. नेमत, मो. तबरेज आदि बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *