Advertisement

नुक्कड़ सभा अभियान के बाद 22 सितंबर से अनिश्चितकालीन अनशन आंदोलन

एस. पी. सक्सेना/समस्तीपुर (बिहार)। बिहार के समस्तीपुर रेल कारखाना में पीओएच डब्बा निर्माण शुरू करने, भोला टाकीज-मुक्तापुर-अटेरन चौक रेल गुमटी पर ओवरब्रीज निर्माण कार्य शुरू करने आदि मांगों को लेकर रेल विस्तार एवं विकास मंच द्वारा 30 अगस्त को डीआरएम चौक, माधुरी चौक, अटेरन चौक, चांदनी चौक, कन्हैया चौक, स्टेशन चौक आदि दर्जनों चौक-चौराहे पर नुक्कड़ सभा किया गया। इस दौरान पर्चे भी बांटे गये।

मौके पर राजद के राकेश ठाकुर, राम विनोद पासवान, चंदन सहनी, भाकपा माले के सुरेंद्र प्रसाद सिंह, जीतेंद्र कुशवाहा, विश्वनाथ गुप्ता, कांग्रेस के विश्वनाथ सिंह हजारी, समाजसेवी अशोक कुमार राय, रितिक राज, सुरेंद्र राम, सेवानिवृत्त शिक्षक शंकर प्रसाद साह आदि द्वारा प्रदर्शन किया गया। अध्यक्षता माकपा के रघुनाथ राय कर रहे थे।

इस अवसर पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए राजद नेता राकेश ठाकुर ने कहा कि रेल प्रशासन माधुरी चौक स्थित चिल्ड्रेन पार्क का जीर्णोद्धार करे एवं रेल अस्पताल को केंद्रीय अस्पताल का दर्जा दे। भाकपा माले के सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि कर्पूरीग्राम-ताजपुर-महुआ-भगवानपुर, केबल स्थान-कर्पूरीग्राम, दलसिंहसराय-पटोरी नई रेल लाईन योजना को सरकार मंजूरी दे।

मंच के संयोजक शत्रुघ्न राय पंजी ने कहा कि समस्तीपुर चीनी मिल, पेपर मिल की तरह रेल प्रशासन समस्तीपुर रेल कारखाना को खत्म करना चाहती है। कहा कि जब पीओएच डब्बा निर्माण के लिए बजट सत्र 2016-17 में 63 करोड़ 82 लाख 57 हजार रूपये आवंटन हुआ, रूपये निकासी भी की गई फिर डब्बा निर्माण कार्य की शुरुआत क्यों नहीं किया गया। कभी जगह कम होने का बहाना तो फिर कभी जांच कमिटी का बहाना बनाकर पीओपी डब्बा निर्माण कार्य शुरू कराने से रेल प्रशासन भाग रही है।

भागते रेल प्रशासन को पकड़ने के लिए मंच रेल कारखाना पर आगामी 22 सितंबर से अनिश्चितकालीन क्रमिक भूख हड़ताल करेगी। उन्होंने सभी सामाजिक एवं राजनीतिक दलों एवं संगठनों, छात्र-नौजवान, मजदूर-किसान, व्यवसायी, बुद्धिजीवियों, जनप्रतिनिधियों से इस कार्यक्रम में शरीक होकर आंदोलन को सफल बनाने की अपील की है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *