खुशबूदार फूलों सहित 1100 प्रदर्श से सजा प्रमंडल स्तरीय उद्यान प्रदर्शनी
उप विकास आयुक्त ने प्रदर्शनी का किया विधिवत शुभारंभ
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला मुख्यालय बाजार समिति छपरा के प्रांगण में स्थित कृषि भवन परिसर में तीन दिवसीय प्रमंडल स्तरीय उद्यान प्रदर्शनी सह प्रतियोगिता का 21 फरवरी को शुभारंभ किया गया। इसका विधिवत उद्घाटन सारण के उप विकास आयुक्त लक्ष्मण तिवारी ने किया।
आयोजित प्रमंडल स्तरीय प्रदर्शनी में खुशबूदार फूलों, पौष्टिकता से भरपूर फलों और विभिन्न प्रकार के 1100 प्रदर्श हैं जो दर्शकों को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है।
दरअसल कृषि विभाग और उद्यान निदेशालय के तत्वावधान में तीन दिवसीय प्रमंडल स्तरीय उद्यान प्रदर्शनी सह प्रतियोगिता 2026 का आयोजन बीते 20 फरवरी से ही शुरू कर दिया गया है। प्रदर्शनी 22 फरवरी तक चलेगा।
मौके पर उप विकास आयुक्त तिवारी ने कहा कि पारंपरिक खेती के साथ नवाचार एवं उन्नत तकनीक आधारित खेती से किसान बंधु अपनी आय में गुणात्मक वृद्धि ला सकते हैं। उन्होंने सभी किसानों से नवाचार को अपनाने के लिये प्रेरित किया। इस उद्यान प्रदर्शनी सह प्रतियोगिता में विभिन्न प्रकार के कृषि उत्पादों को 48 वर्ग में बांटते हुए छपरा, सीवान और गोपालगंज के प्रदर्शनी के रूप में लगभग 1100 उत्पादों को लाया गया है। इन्हें कृषि भवन परिसर में बनाए गए स्टॉल पर सजाया गया है। दूर से ही पूरा माहौल सुगंधित प्रतीत हो रहा है। इसका कारण है कि विभिन्न प्रकार के खुशबूदार फूल, सब्जियां और फल के अलावा कृषि उत्पादन से बने खाद्य सामग्री। प्रदर्शनी के रूप में सब्जियों के विभिन्न प्रकार और इससे बनने वाले विभिन्न खाद्य सामग्री, मशरूम और उनके प्रकार, विभिन्न प्रकार के फल और उनसे बने खाद्य सामग्री, पान के पत्ते, फल या सब्जी के माध्यम से घर में बनाए गए सामग्री, विभिन्न प्रकार के शहद, जाड़े के मौसमी फूलों के पौधे जो की विभिन्न गमले में लगाए जा सकते हैं, कटे हुए फूल, कलात्मक पुष्प और सज्जा वाले पौधे, औषधिय पौधे और सुगंधित पौधे आदि शामिल है।
उद्यान प्रेमियों और किसानों के लिए बना हुआ है शानदार संगम
छपरा स्थित प्रमंडल स्तरीय उद्यान प्रदर्शनी एवं प्रतियोगिता किसानों और उद्यान प्रेमियों के लिए काफी उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक है।इस संगम में आधुनिक तकनीक, नवाचार और पारंपरिक खेती का सुंदर मेल देखने को मिल रहा है। यह प्रदर्शनी उद्यान, बागवानी और खेती की बदलती तस्वीर को पेश कर रही है। इसमें दिखा कि मेहनत और प्रयोग से घर, उद्यान और खेतों में किस तरह रंगों और खुशहाली की बहार लाई जा सकती है।

पहले दिन 20 फरवरी को पुसा कृषि केंद्र और मांझी कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों द्वारा तीनों जिले से आए प्रदर्शनियों का अवलोकन करने के बाद सभी 48 वर्ग में प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार के लिए चयन किया गया। विशिष्ट पुरस्कार के लिए भी चयन की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। आज से यह प्रदर्शनी आम जनों और किसानों के लिए रहेगी।
तीन दिवसीय प्रमंडल स्तरीय उद्यान प्रदर्शनी सह प्रतियोगिता को लेकर पहले दिन प्रदर्श के रूप में आए 1100 प्रदर्श में से हर वर्ग के लिए प्रथम, द्वितीय, तृतीय और विशिष्ट का चयन किया गया। आज से किसानों और आम जनों के लिए प्रदर्शनी शुरू हो गयी है। इस अवसर पर कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक, सहायक निदेशक उद्यान, जिला कृषि पदाधिकारी सहित अन्य विभागीय पदाधिकारी एवं किसान उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply