Advertisement

लीप एग्री लॉजिस्टिक्स प्राइवेट लिमिटेड पसराहा में गति शक्ति कार्गो टर्मिनल का उद्घाटन

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। पूर्व मध्य रेलवे के हद में सोनपुर मंडल के भारतीय रेलवे की एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में बीते 30 मई को लीप एग्री लॉजिस्टिक्स (खगड़िया) प्राइवेट लिमिटेड पसराहा की अधिसूचना मुख्यालय हाजीपुर द्वारा की गई।

यह टर्मिनल गति शक्ति कार्गो टर्मिनल (जीसीटी) योजना के तहत सोनपुर मंडल की दूसरी इकाई के रूप में स्थापित किया गया है। इस टर्मिनल की स्थापना लीप एग्री लॉजिस्टिक्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा की गई है, जो खगड़िया जिले के पसराहा रेलवे स्टेशन के समीप स्थित है। सोनपुर मंडल के पीआरआई राम प्रताप सिंह ने 31 मई को उपरोक्त जानकारी देते हुए बताया कि इस टर्मिनल के चालू होने से खगड़िया एवं इसके आसपास के जिलों में खाद्यान्न की आपूर्ति व्यवस्था में सुधार होगा।

विशेषकर भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) के लिए यह एक बड़ी सुविधा साबित होगी। उन्होंने बताया कि गति शक्ति कार्गो टर्मिनल में कुल 4 साइलो का निर्माण किया गया है, जिनमें प्रत्येक की भंडारण क्षमता 12,500 मैट्रिक टन है, यानी कुल 50,000 मैट्रिक टन खाद्यान्न भंडारण की सुविधा उपलब्ध होगी।

पीआरआई सिंह ने बताया कि इस टर्मिनल से हर माह भारतीय खाद्य निगम के लगभग 25 से 30 रेक खाद्यान्न के आने की संभावना है, जिससे क्षेत्रीय खाद्यान्न परिवहन प्रणाली को मजबूती मिलेगी और समयबद्ध वितरण सुनिश्चित किया जा सकेगा। कहा कि यह टर्मिनल सरकार की गति शक्ति योजना के तहत लॉजिस्टिक्स को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे न केवल क्षेत्रीय विकास को बल मिलेगा, बल्कि रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *