गंगोत्री प्रसाद सिंह/हाजीपुर (वैशाली)। वैशाली जिला में एकबार फिर अपराधियों का तांडव सर चढ़कर बोलने लगा है। कहीं सोना चांदी दुकान में लूट की घटना तो कहीं गोलीबारी की बारदात ने जिलेवासियों में दहशत पैदा कर दी है।
जानकारी के अनुसार गत जून माह से वैशाली जिले में आपराधिक घटनाओं में काफी वृद्धि हुई है। प्रतिदिन जिले के किसी ण किसी क्षेत्र से लूट और गोली चालन की घटनाओं का समाचार प्राप्त हो रहा है, जिससे लगता है कि वैशाली जिले में अपराधियों के बीच पुलिस का भय समाप्त हो गया है।
ताज़ा वाकया 11 जुलाई की है, जहां हाजीपुर-मुजफ्फरपुर एनएच 22 के गोरौल थाना से महज चार-पांच सौ मीटर दूर गोरौल बाजार के कोलकाता आभूषण ज्वैलर्स एवं बरतन भंडार में दिन दहाड़े 6 की संख्या में आए नकाबपोश लुटेरों ने लूटमार की और आभूषण दुकान से 20 लाख रुपए से अधिक के जेवर और नगद लूटकर फरार हो गए।

बताया जाता है कि अपराधी दो मोटरसाइकिल पर आए थे और दुकान के अंदर रिवाल्वर का भय दिखाकर आभूषण दुकानदार और दुकान में बैठे ग्राहकों को चुप चाप बैठे रहने को कहा। अपराधी दुकान में जो भी कीमती सोने चांदी के जेवर और नगद मिला, सभी को समेटते हुए रफ़ूचक्कर हो गए। सभी अपराधी नकाब से अपना चेहरा ढके थे।
उक्त घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के दुकानदार इकट्ठा हो गए और गोरौल थाना की पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दुकानदार से घटना की विस्तृत जानकारी ली। पुलिस घटनास्थल एवं आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है।
घटना की सूचना मिलने पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी महुआ और आरक्षी अधीक्षक वैशाली भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थानीय पुलिस पदाधिकारी को घटना की जांच का आवश्यक निर्देश दिया। दूसरी घटना हाजीपुर शहर से सटे दिग्घी कला पश्चिम में आम के पेड़ के पास बैठे एक युवक को गोली मारकर घायल कर देने की हुई। वैसे पुलिस इस मामले को आपसी विवाद में गोली चलने की घटना बता रही है।

गोरौल बाजार में हुई सोने चांदी के दुकान में लूट की घटना के बाद जिले के व्यापारियों में दहशत का माहौल है। जिले के स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता और स्वर्णकार संघ के पदाधिकारी कृष्ण कुमार सोनी घटना की जानकारी के बाद पीड़ित दुकानदार से मिलने गए और स्थानीय व्यापारियों की बैठक के बाद इस घटना के विरोध में 12 जुलाई को भगवानपुर और गोरौल बाजार बंद रखने की घोषणा की है।
कृष्ण कुमार सोनी ने बताया कि बिहार में व्यापारियों के साथ लूटपाट की घटना बढ़ने से व्यापारी अपना दुकान खोलने में भयभीत हो रहे हैं। कहा कि अगर सरकार द्वारा व्यापारियों की सुरक्षा की व्यवस्था नहीं की गई तो बिहार में व्यापार चौपट हो जाएगा।
![]()













Leave a Reply