Advertisement

आनंद मार्ग स्कूल के वार्षिक समारोह में मंत्रीपुत्र ने कहा योग-ध्यान युवा के लिए जरूरी

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के आनंद मार्ग रेसिडेंशियल हाई स्कूल में 17 फरवरी को आयोजित वार्षिक समारोह एवं योग-ध्यान उद्घाटन कार्यक्रम में मंत्री पुत्र विनय कपूर विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके बाद विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां एवं योग प्रदर्शन कर सभी का मन मोह लिया।

मौके पर मंत्री पुत्र विनय कपूर ने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि संस्कार, अनुशासन और चरित्र निर्माण की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी दौर में युवाओं के लिए मानसिक संतुलन और एकाग्रता अत्यंत आवश्यक है, जिसे योग और ध्यान के माध्यम से सहज रूप से प्राप्त किया जा सकता है।

उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे पढ़ाई के साथ-साथ योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं, ताकि वे स्वस्थ, सजग और सकारात्मक सोच वाले नागरिक बन सकें। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

मंत्री पुत्र ने कहा कि योग और ध्यान केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि यह हमारे जीवन को संतुलित और सकारात्मक दिशा देने का माध्यम है। यदि युवा पीढ़ी इसे अपनाती है, तो वे निश्चित रूप से समाज और राष्ट्र के विकास में सशक्त भूमिका निभाएंगे। कहा कि विद्यालय द्वारा की गई यह पहल अत्यंत सराहनीय है। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार को सफल आयोजन के लिए साधुवाद दी गई तथा विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं प्रेषित की गई। समारोह में शिक्षकगण, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्रा उपस्थित रहे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *