प्रहरी संवाददाता/धनबाद (झारखंड)। सदर अस्पताल धनबाद में आने वाले मरीजों और उनके अटेंडेंट को अब भोजन के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। अस्पताल परिसर में कैंटीन के लिए प्रबंधन ने टेंडर निकाला है। संबंधित एजेंसी आगामी 3 जुलाई से पहले टेंडर के लिए आवेदन कर सकते हैं। आगामी 4 जुलाई को क्रय समिति की ओर से टेंडर खोला जाएगा। फिलहाल मरीजों को अस्पताल के अस्थाई कैंटिन से खाना मिल रहा है।
ज्ञात हो कि, सदर अस्पताल धनबाद के मरीजों के लिए अस्पताल प्रबंधन की ओर से अभी तक कोई स्थाई तौर पर भोजन की व्यवस्था नहीं की गई है। स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ अरुण कुमार सिंह के निर्देश के बाद अस्थाई तौर पर फिलहाल मरीजों को खाना मिल रहा है। अस्पताल का अपना कैंटीन होने के बाद मरीजों को सहूलियत होगी।
उक्त टेंडर के अनुसार चयनित एजेंसी को कैंटीन खोलने के लिए अस्पताल परिसर में जगह उपलब्ध करायी जायेगी। इस संबंध में 27 जून को सिविल सर्जन डॉ आलोक विश्वकर्मा ने बताया कि संबंधित एजेंसी को कुक और कर्मचारी खुद रखना होगा। इसके अलावा यहां साफ-सफाई का पूरा ध्यान रखना होगा। यहां बाजार से कम कीमत पर खाना उपलब्ध कराना है। बाहरी व्यक्तियों का कैंटीन में प्रवेश निषेध रहेगा। यहां केवल मरीज, अस्पताल के डॉक्टर -कर्मचारी और मरीज के अटेंडेंट खाना खा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि एजेंसी को एक मरीज को तीन समय का खाना देना होगा। तीन समय के खाना के लिए प्रति मरीज स्वास्थ्य विभाग एजेंसी को 100 ₹ देगा। सुबह नाश्ता में एक अंडा, एक केला, सौ ग्राम का सेव, एक बिस्किट, 4 ब्रेड और ढाई सौ मिलीलीटर दूध देना है। दोपहर के भोजन में 200 ग्राम चावल, 30 ग्राम दाल, रोटी, सब्जी और सौ ग्राम दही देनी है। रात के खाना में 6 रोटी, 30 ग्राम दाल तथा 150 ग्राम मिक्स सब्जी देना आवश्यक होगा।
178 total views, 1 views today