विजय कुमार साव/गोमियां (बोकारो)। अपने ससुराल मकर संक्रांति मनाने आए युवक की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गयी. उक्त सड़क दुर्घटना में एक युवक की हालत चिंताजनक बतायी जा रही है। मृतक जरिडीह थाना के हद में बारु निवासी 27 वर्षीय शक्ति करमाली बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार बोकारो जिला के हद में पेटरवार थाना क्षेत्र के चिनियागढा मोड़ के समीप पेटरवार- गोमियां मुख्य मार्ग पर सड़क दुर्घटना में बाइक सवार एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत मौके पर ही हो गई। इस दर्दनाक दुर्घटना में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। बाइक सवार दोनों रिश्ते में साढू थे।
बताया जा रहा है कि जरिडीह थाना के हद में बारु निवासी 27 वर्षीय शक्ति करमाली एवं गोला थाना के हद में कुम्हरदगा रायपुरा निवासी 34 वर्षीय मधु (दोनों साढू) अपने ससुराल छप्परगढा गांव से बाइक से पेटरवार जा रहे थे कि चिनियागढा मोड़ के निकट एक अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए।
जिससे शक्ति करमाली की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि इस दुर्घटना में मधु करमाली गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही पेटरवार पुलिस मौके पर पहुंची एवं गंभीर रूप से घायल मधु को सीएचसी पेटरवार में भर्ती कराया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे रिम्स रांची रेफर कर दिया गया है। मधु की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। उसके सर में गंभीर चोंटें आई है।
बताया जा रहा है कि मृतक शक्ति करमाली गोमियां में ईंट बनाने का काम करता था। मृतक की पत्नी मनीषा देवी मकर संक्रांति पर्व मनाने मायके छप्परगढा आयी थी। इसी बीच 14 जनवरी के सुबह लगभग दस बजे शक्ति अपनी पत्नी मनीषा से मिलने अपने ससुराल पहुंचा था।
इसके बाद खाना खाकर अपने घर के लिए अपने बड़े साढू मधु के साथ पेटरवार जा रहा था कि वह सड़क हादसे का शिकार हो गया।मृतक की शादी तीन साल पहले हुई थी। मृतक के दो छोटे छोटे पुत्र है। गंभीर रूप से घायल मधु की पत्नी की मौत एक वर्ष पूर्व बीमारी से हो गई है। मधु भी मकर संक्रांति पर्व को लेकर ससुराल आया हुआ था।
![]()












Leave a Reply