Advertisement

गिरिडीह में माँ की ममता शर्मसार, दो साल के मासूम की गला घोंटकर हत्या

प्रहरी संवाददाता/बगोदर (गिरिडीह)। गिरिडीह जिला के हद में बेंगाबाद थाना क्षेत्र के गोलगो गांव में माँ की ममता का रिस्ता शर्मसार हो गया, जब एक माँ ने अपने दो वर्षीय मासूम बच्चे की जान ले ली।

बताया जाता है कि 29 दिसंबर को मृतक बच्चे के शव का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में करवाया गया। आरोप है कि बच्चे की मां ने ही अपने पुत्र का गला घोट कर हत्या की है। बेंगाबाद पुलिस के अनुसार बच्चे के पिता मो. तजुऊद्दीन अंसारी दिव्यांग है। उसकी पत्नी अफसाना खातून सिलाई का काम कर घर चलाती थीं।

छह महीने पहले ही वह अपने मायके गई थी और मायके से अपने रिश्तेदार के घर उत्तर प्रदेश चली गई। वहां से लौटने के बाद वह बात-बात में ससुराल वालों से झगड़ा कर रही थी। आरोप है कि इसी दौरान बीते 28 दिसंबर की रात उसने अपने बच्चे की गला दबाकर हत्या कर दी।

मृतक बच्चा आशिक अंसारी के दादा रोजन उर्फ जब्बार अंसारी के आवेदन के आधार पर बेंगाबाद थाना में हत्यारोपी माँ के विरूद्ध मामला दर्ज किया गया है। मृतक के दादा का आरोप है कि उसकी बहु ने उसके 2 वर्षीय मासूम पोते की गला घोंट कर हत्या कर दी। जबकि हत्यारोपी मां का कहना है कि गलती से यह घटना घटित हुई है। मृतक के दादा ने बताया कि उनका पुत्र ताजुद्दीन अंसारी मूक बधिर है।

उसके दो पुत्र हैं। बीते 28 दिसंबर की रात उनकी बहू छोटे पुत्र आशिक को लेकर अपने कमरे में सोई थी। उनका बेटा ताजुद्दीन कमरे में नहीं था। इसी दौरान बहु ने घटना को अंजाम दिया। उन्होंने बताया कि देर रात को बहु ने कमरे का दरवाजा खोलकर पति को बुलाया।

जिसके बाद कमरे में बच्चे को मृत पाया गया। परिजनों द्वारा घटना की सूचना बेंगाबाद पुलिस को दी गई। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चे के शव को कब्जे में लिया। साथ ही मौके पर हत्यारोपी माँ को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *