Advertisement

डीएवी कथारा में मान्या मिस डीएवी व् मानस चुने गए मिस्टर डीएवी

विद्यार्थी जीवन आनंद, संघर्ष एवं चुनौतियों का जीवन-महाप्रबंधक

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला के हद में डीएवी पब्लिक स्कूल सीसीएल कथारा में 12वीं के विद्यार्थियों के लिए 13 फरवरी को आशीर्वचन-सह विदाई समारोह आयोजित किया गया। समारोह में मान्या मिस डीएवी व् मानस मिस्टर डीएवी चुने गए।

समारोह के मुख्य अतिथि सीसीएल कथारा क्षेत्र के महाप्रबंधक- सह विद्यालय के स्थानीय प्रबंध समिति अध्यक्ष संजय कुमार थे। वहीं विशिष्ट अतिथि स्वांग-गोबिंदपुर फेज दो के परियोजना पदाधिकारी अनिल कुमार तिवारी सम्मिलित हुए।

इस अवसर पर विद्यालय परिसर में हवन के साथ विद्यार्थियों ने इस पुनीत दिवस का शुभारंभ किया। वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच दीप प्रज्वलन कर विधिवत समारोह की शुरुआत की गयी। विद्यार्थियों ने स्वागत गान तथा एक से बढ़कर एक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी।

जानकारी देते हुए डीएवी कथारा के शिक्षक रंजीत कुमार सिंह तथा बी. के. दसौंधी ने बताया कि समारोह में गणेश वंदना पर आधारित नृत्य ने दर्शकों को सम्मोहित कर दिया। विद्यार्थी जीवन पर आधारित नृत्य नाटिका ने 12वीं के विद्यार्थियों के स्कूली सफर की यादें ताजा कर दी। बताया गया कि समारोह में छात्राओं द्वारा प्रस्तुत किए गए विदाई गीत ने पूरे माहौल को भावनात्मक कर दिया। समारोह के मध्य ही व्यक्तित्व परीक्षण व प्रश्नोत्तरी के माध्यम से मिस्टर एवं मिस डीएवी का चयन किया गया। बारहवीं ‘अ’ की छात्रा मान्या तथा बारहवीं ‘ब’ के छात्र मानस को मुख्य अतिथि द्वारा इन खिताबों के ताज़ से नवाजा गया। बारहवीं के विद्यार्थियों ने मंच से अपने विचार साझा किए। बारहवीं के वर्गाध्यापकों ने भी विद्यार्थियों को आशीर्वचन दिया।

मौके पर मुख्य अतिथि महाप्रबंधक संजय कुमार ने विद्यार्थियों को आगामी परीक्षाओं के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में रोजगार के संभावनाओं की कमी नहीं है। विद्यार्थियों को अपनी रुचियों के अनुसार ही विकल्प चुनने चाहिए। उन्होंने कहा कि जीवन का यह समय आनंदमय चुनौती भरा होता है। इसे परिश्रम के साथ स्वीकारना चाहिए। विद्यालय की सुखद यादें तथा शिक्षकों का आशीर्वाद जीवन की चुनौतियों का सामना करने में उन्हें सक्षम बनाती हैं।

विशिष्ट अतिथि पीओ ए. के. तिवारी ने कहा कि विद्यालय में बिताए गए क्षण किसी भी विद्यार्थी के जीवन के स्वर्णिम क्षण होते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को उनकी आगामी बोर्ड परीक्षाओं के लिए शुभकामनाएं दी एवं कहा कि वे इस परीक्षा में नए कीर्तिमान स्थापित करें। विद्यालय के प्राचार्य- सह झारखंड जोन -आई के सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी डॉ जी.एन. खान ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि सीसीएल प्रबंधन एवं अधिकारियों के सहयोग के लिए विद्यालय हमेशा आभारी रहेगा। 12वीं के विद्यार्थियों को उन्होंने शुभकामनाएं दी और कहा कि आप सभी अपना सर्वोत्तम देने का प्रयास करें।

प्राचार्य डॉ खान ने अमेरिका के पुर्व राष्ट्रपति अब्राहम लिंकन के जीवन का उदाहरण देते हुए कहा कि किस प्रकार कठिनतम संघर्षों के बावजूद भी उन्होंने हार नहीं मानी और विश्व के सबसे शक्तिशाली देश के राष्ट्रपति बने। विद्यार्थियों को उनके जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए एवं संघर्षों के बीच सफलता का मार्ग तय करना चाहिए।

समस्त कार्यक्रम का मंच संचालन शिक्षक बी. के. दसौंधी ने किया। जबकि धन्यवाद ज्ञापन वरिष्ठ शिक्षक पंकज कुमार ने किया। इस अवसर पर वरिष्ठ शिक्षक नागेंद्र प्रसाद, डॉ आर. एस. मिश्रा, जितेंद्र दुबे, ए. के.गोस्वामी, डॉ तेजोमित्र पाठक, आराधना, राकेश रंजन, कुमारी ज्योति, खुशबू कुमारी, अदिब अहमद, संगीत कुमार, चंदन झा,रिया सिन्हा, ओशीन, ममता पात्रा, सुरभि दुबे, मानसी सिन्हा सहित तमाम शिक्षक शिक्षिका उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *