गंगोत्री प्रसाद सिंह/हाजीपुर (वैशाली)। सोशल मीडिया पर रिल बनाने का युवक युवतियों में चस्का इस कदर हावी है कि अब शादीशुदा महिलाएं भी रिल बनाने के चक्कर में अजीबो गरीब हरकत कर रिल को सोशल मीडिया पर डाल रही है।
बताया जाता है कि इन दिनों वैशाली जिला के हद में पटेढ़ी बेलसर अंचल की रहने वाली एक शादीशुदा महिला पर रिल बनाने और वीडियो वायरल करने का जुनून सवार है। महिला वैशाली अंचल कार्यालय तथा वैशाली के दर्शनीय स्थल पर आने वाले पर्यटकों के साथ खूब रील बनाकर अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर डालने का कार्य कर रही थी। पिछले दिनों उक्त महिला खुद को डिजिटल क्रिएटर बताते हुए एक-दो नहीं बल्कि तीन अलग-अलग रील वैशाली थाना परिसर में बनाती नजर आई।
बताया जाता है कि पहले वीडियो में महिला वैशाली थाना परिसर में खड़ी होकर एक स्कॉर्पियो सवार से कहती है कि आप मुझे धक्का मारेंगे तो धक्का मारकर जाइए। दूसरे वीडियो में वही महिला कुर्सी पर बैठे एक दरोगा से कैमरे की ओर हाय-हेलो करने को कहती है, वहीं आसपास मौजूद पुलिसकर्मी भी कैमरे के सामने हाय-हेलो करते दिखते हैं। जिसे देखकर लगता है कि रील बनाने का क्रेज अब सरकारी दफ्तरों और थानों की चौखट को भी लांघने लगा है। थाना परिसर सूट किए गए रील को लेकर आमजन पुलिस की कार्यप्रणाली और अनुशासन पर बड़े सवालिया निशान लगा रहे हैं।
आमजनों के अनुसार एक महिला डिजिटल क्रिएटर ने थाना परिसर को ही अपनी रील का शूटिंग फ्लोर बना डाला। हैरत की बात यह है कि पुलिसकर्मी भी इसमें शामिल नजर आ रहे हैं। इससे संबंधित एक-दो नहीं, बल्कि तीन रील इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहे हैं।इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहे एक वीडियो में महिला एक स्कार्पियो के पास खड़ी होकर फिल्मी संवाद बोलती नजर आती है।
वह एक पुलिसकर्मी को गाड़ी से नीचे उतारती दिखती है और कहती है, आप मुझे चीप के चल जाइएगा क्या? आपको क्या लगता है, हम आपसे हार जाएंगे? पीछे से एक आवाज भी आती है, थाना में अब यही सब होगा सर। वहीं दूसरे वीडियो में महिला कुर्सी पर बैठे एक पुलिसकर्मी के पास जाती है और उनसे कैमरे की तरफ देखकर हाय-हेलो करने को कहती है। पुलिसकर्मी भी मुस्कुराते हुए प्रोटोकाल भूलकर हाथ हिलाते नजर आते हैं। वहीं तीसरे वीडियो में महिला थाना परिसर में सामान्य बातचीत करती दिख रही है और उसके बैकग्राउंड में वर्दीधारी पुलिसकर्मी अपनी ड्यूटी छोड़ तमाशबीन बने खड़े हैं।

गौरतलब है कि बिहार के पुलिस महानिदेशक ने समय-समय पर सख्त निर्देश जारी किए हैं कि पुलिसकर्मी ड्यूटी के दौरान इंटरनेट मीडिया, रील या किसी भी ऐसी गतिविधि से दूर रहें, जिससे वर्दी की छवि धूमिल होती हो। वैशाली थाने के इस मामले ने साफ कर दिया है कि जमीनी स्तर पर इन निर्देशों का कितना पालन हो रहा है। पुलिसकर्मी भी शायद इन निर्देशों को धत्ता बताने में पीछे नहीं हैं।
थाना परिसर में बनाए गए उक्त रील के वायरल होने पर जिले के उच्च पदाधिकारी के निर्देश पर वैशाली थाने द्वारा उक्त महिला को थाना बुलाकर आगे से ऐसी गलती नहीं करने की हिदायत दी गई तथा महिला द्वारा अपनी गलती स्वीकार किए जाने पर उसे थाने से जाने दिया गया। साथ ही थाने के पुलिस पदाधिकारियों को हिदायत दी गई कि आगे से कोई घटना इस तरह की नहीं घटे।
![]()













Leave a Reply