Advertisement

भगवान भास्कर की आराधना में डूबा बोकारो, डीसी व् एसपी सपरिवार हुए शामिल

डीसी-एसपी ने अर्घ्य अर्पित कर की जिले की सुरक्षा-सुख-शांति, समृद्धि की कामना

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। देश विदेश सहित झारखंड में भी लोक आस्था का महापर्व छठ श्रद्धा व् भक्ति के साथ मनाया जा रहा है। झारखंड के बोकारो जिला में भी छठ महापर्व की धूम है।

छठ पर्व के अवसर पर बोकारो जिला के हद में विभिन्न छठ घाटों पर 27 अक्टूबर की संध्या बेला में छठ व्रतीयों द्वारा अस्ताचलगामी भगवान भाष्कर को अर्घ दी। इस क्रम में बोकारो के सेक्टर चार एफ स्थित सूर्य मंदिर सरोवर छठ घाट सहित कैंप टू गार्डेन एवं जगन्नाथ मंदिर छठ घाट पर छठ महापर्व की भव्य छटा दिखा। यहां अस्त होते सूर्य को अर्घ्य देने पहुंचे श्रद्धालुओं के बीच बोकारो जिला उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा और पुलिस अधीक्षक (एसपी) हरविंदर सिंह भी सपरिवार शामिल रहे।

इस अवसर पर उपरोक्त दोनों पदाधिकारियों ने अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर जिले की सुरक्षा, सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। यहां प्रशासन और समाज के श्रद्धालुओं को एक साथ श्रद्धा में लीन देखकर श्रद्धालुओं में उत्साह और गर्व की भावना झलक उठी। सरोवर और अन्य घाटों के जल में झिलमिलाते दीपों की लौ तथा भक्ति संगीत के सुरों ने वातावरण को भक्ति, आस्था और सौहार्द से भर दिया।

इस अवसर पर उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि छठ महापर्व आस्था, संयम और स्वच्छता का प्रतीक है। यह पर्व हमें प्रकृति के प्रति आभार व्यक्त करने की प्रेरणा देता है। वहीं,पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह ने कहा कि सूर्य उपासना से जीवन में प्रकाश और सकारात्मकता आती है। कहा कि यह पर्व समाज को एकजुट करता है।

जानकारी के अनुसार पूरे बोकारो जिले में छठ महापर्व को लेकर छठव्रतियों व् श्रद्धालुओं में अपार उत्साह देखा जा रहा है। जिला जनसंपर्क कार्यालय के अनुसार जिले के सभी छठ घाटों पर प्रशासन द्वारा सुरक्षा, स्वच्छता और यातायात व्यवस्था के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे। नगर निगम चास, नगर परिषद फुसरो, स्थानीय प्रशासन एवं जिला प्रशासन की टीमों ने मिलकर साफ-सफाई और प्रकाश की उत्कृष्ट व्यवस्था सुनिश्चित की थी।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *