Advertisement

चतरोचट्टी के नरकंडी से 10 लाख का अवैध शराब जब्त, एक गिरफ्तार

विजय कुमार साव/ममता सिन्हा/गोमिया, तेनुघाट (बोकारो)। होली पर्व को लेकर अवैध शराब के धंधेबाजो को बोकारो जिले में अपना धंधा चमकाने की सोंच को बोकारो पुलिस लगातार पानी फेरने में लगी है। इसी क्रम में अवैध शराब के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए बोकारो पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। दो दिन पुर्व बोकारो जिला के हद में गोमिया प्रखंड के कथारा ओपी के बाद अब चतरोचट्टी थाना क्षेत्र के नरकंडी गांव में छापेमारी कर पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध विदेशी (अंग्रेजी) शराब बरामद की है। पुलिस ने मौके से लगभग 10 लाख रुपये की शराब जब्त करते हुए एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य की तलाश में छापेमारी जारी है।

बोकारो एसपी हरविंदर सिंह ने 22 फरवरी को चतरोचट्टी थाना परिसर में प्रेस वार्ता कर उक्त जानकारी दी। प्रेस वार्ता में एसडीपीओ बेरमो वशिष्ठ नारायण सिंह, इंस्पेक्टर गोमिया जीतेन्द्र कुमार उपस्थित थे। प्रेस वार्ता में एसपी ने बताया कि चतरोचट्टी थाना प्रभारी को गुप्त सूचना मिली कि नरकंडी स्थित एक मकान में भारी मात्रा में नकली विदेशी शराब का भंडारण किया गया है। सूचना के सत्यापन के बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर छापेमारी दल का गठन किया गया।

छापेमारी के दौरान मकान मालिक सोना महतो को मौके से गिरफ्तार किया गया। तलाशी के क्रम में कमरे से विभिन्न ब्रांड की अवैध विदेशी शराब की बड़ी खेप बरामद की गई।

लगभग 10 लाख की अवैध शराब जब्त

एसपी के अनुसार बरामद शराब में आइकॉनिक वाइट (375 एमएल) 1080 पीस, रॉयल स्टैग (180 एमएल) 1104 पीस, रॉयल स्टैग (375 एमएल) 504 पीस कुल 2688 पीस विदेशी शराब शामिल है।

गोमिया से प्राप्त जानकारी के अनुसार बोकारो पुलिस कप्तान के निर्देश पर होली के त्यौहार को लेकर अवैध शराब कारोबारीयों पर नकेल कसी जा रही है। बीते 21 फरवरी को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि हुरलुंग पंचायत के नरकंडी गांव रहिवासी सोना महतो के ऐडवेस्टर से बने मकान में भारी मात्रा में विदेशी शराब रखा है।

थाना प्रभारी ने वरीय पदाधिकारीओ को अवगत कराते हुए छापेमारी दल का गठन करते हुए नरकंडी गांव पहुंचे और मकान मालिक सोना महतो से पूछताछ की गयी। पुलिस को महतो ने बताया कि यह कमरा संतोष महतो, थाना आगों, जिला हजारीबाग को किराये पर दिया गया है। उसी के द्वारा कुछ रखा गया है।

मकान मालिक की मौजूदगी में कमरा खुलवाकर तलाशी ली गई और कमरे से आईकॉनिक, रॉयल स्टैग की 90 पेटी अवैध विदेशी शराब जब्त किया गया, जिसे पुलिस ने जप्त कर थाना ले आयी। छापामारी दल में चतरोचट्टी थाना प्रभारी शशि शेखर कुमार, कुन्दन कुमार यादव और अन्य पुलिस कर्मी शामिल थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *