Advertisement

कथारा क्षेत्र के जारंगडीह से धड़ल्ले से हो रहा अवैध कोयला का कारोबार

सूचना के बाद पुलिस द्वारा पेट्रोल पम्प से अवैध कोयला लदा ट्रक जब्त

जारंगडीह के क़र्बला चौक के समीप अवैध कोयले के भंडारण की सूचना

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला के हद में सीसीएल कथारा क्षेत्र के जरंगडीह से इनदिनों बड़े पैमाने पर अवैध कोयले का कारोबार बदस्तूर जारी है। बड़ी गाड़ियों से अवैध कारोबारियों द्वारा कोयला लोड कर बाहर की मंडियो में भेजा जाता है, जिससे कारोबारी की दिन दूनी रात चौगुनी तरक्की हो रही है। इस अवैध कारोबार में स्थानीय पुलिस प्रशासन तथा सीसीएल अधिकारियों की मिलीभगत की बात सामने आ रही है। उक्त कारोबार में स्थानीय व्यापारी के शामिल होने की बात कही जा रही है।

उक्त काले हीरे (कोयला) के कारोबार का भंडाफोड़ तब हुआ जब 30 नवंबर की अहले सुबह जिला के हद में पेटरवार प्रखंड के खेतको- जारंगडीह मार्ग पर रहमत मोड़ पर अवैध कोयला लदा ट्रक क्रमांक UP67AT/2025 ब्रेक डाउन हो गया। इसकी सूचना स्थानीय मीडिया कर्मियों द्वारा सर्वप्रथम बोकारो थर्मल पुलिस को देने की कोशिश की गयी, बावजूद इसके थाना प्रभारी द्वारा फोन रिशीव नहीं किया गया। इस दौरान जब कथारा क्षेत्र के क्षेत्रीय सुरक्षा प्रभारी सुनील कुमार गुप्ता से संपर्क किया गया तब सुरक्षा प्रभारी द्वारा कहा गया कि उनके द्वारा पुलिस को सूचना देने पर पुलिस द्वारा ट्रक को थाना पहुंचाने की बात कही गयी। जबकि बकौल सुरक्षा प्रभारी संबंधित अवैध कोयला लदा ट्रक का दोनों दरवाजा बंद था तथा उनके पास कोई चालक नहीं था। उन्होंने बताया कि उक्त ट्रक को जब्त कर बोकारो थर्मल पुलिस के हवाले कर दिया गया है।

बताया जाता है कि रहमत मोड़ पर इस दौरान निर्भीकता दिखाते हुए स्थानीय एक अवैध कारोबारी द्वारा मिस्त्री बुलाकर ट्रक की मरम्मति कराया गया तथा उसे मंडी की ओर रवाना कर दिया गया। लेकिन सुरक्षा विभाग की तत्परता से कारोबारी अपने मकसद में कामयाब नहीं हो सके। क्षेत्र में बढ़ते अवैध कोयले के कारोबार को देखते हुए स्थानीय रहिवासी तथा मीडिया कर्मी अवैध कारोबारी के हौसला को देख अचंभित है। ऐसे में सवाल उठना लाजमी है कि इस खेल में अवैध कारोबारी द्वारा दिनदहाड़े बीडी ट्रक की मरम्मति कर ले जाना कहीं न कहीं प्रशासनिक तथा सुरक्षा झोल को इंगित कर रहा है।

इस बावत गोमिया के पुर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो का कहना है कि वर्तमान झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार में चारो ओर लूट मची है। यहां से सैकड़ो बड़ी गाड़ियां अवैध कोयला लेकर बाहर की मंडियो में ले जाया जा रहा है। जिसकी एक बानगी बीते 29 नवंबर को महुआटांड़ थाना क्षेत्र के दुधमटिया से बरामद डेढ़ सौ टन अवैध कोयले की बरामदगी है। उन्होंने कहा कि इस अवैध कोयले के कारोबार में मंत्री से संतरी तक सबकी मिलीभगत है।

बताया जाता है कि कोलियरी और खेतको बस्ती के नजदीक कर्बला चौक पर पिछले एक महीने से अवैध कोयले का कारोबार बड़े पैमाने पर चल रहा है। स्थानीय एवं आसपास के रहिवासियों की शिकायतों के मुताबिक, यहां कोयले का भारी स्टॉक किया जाता है और बड़ी गाड़ियों में लादकर राज्य के बाहर की मंडियों में भेज दिया जाता है। स्थानीय प्रशासन की लापरवाही और अवैध कोयला कारोबार के मामलों पर प्रभावी रोक न लगने से क्षेत्र में भ्रष्टाचार और आर्थिक नुकसान बढ़ता जा रहा है। स्थानीय रहिवासियों ने प्रशासन से तत्काल संज्ञान लेने और सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। आवश्यक है कि संबंधित अधिकारी इस पूरे मामले की जांच कर विशेषज्ञ स्तर पर कड़ी कार्रवाई करें और अवैध कोयले के भंडारण व निकासी पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करें, ताकि राष्ट्रीय उपक्रम सीसीएल को हो रहे भारी नुकसान को रोका जा सके।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *