Advertisement

अगर दम है तो बेरमो विधायक मेरे मामले की सीबीआई जांच करवाएं-ढुलू महतो

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। धनबाद सांसद ढुलू महतो ने 6 नवंबर को बोकारो जिला के हद में चास स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान बेरमो विधायक कुमार जयमंगल (अनूप सिंह) पर जमकर हमला बोला।

सांसद महतो ने कहा कि बेरमो क्षेत्र में आत्मनिर्भर भारत कार्यक्रम की शुरुआत के बाद से ही विधायक अनूप सिंह लगातार नीच हरकतों पर उतर आए हैं और जनता को गुमराह करने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर विधायक अनूप सिंह में जरा भी हिम्मत है, तो वे मेरे खिलाफ चल रहे मामले की सीबीआई जांच करवाएं। कहा कि मैंने कभी गलत काम नहीं किया, न करूंगा। मैं श्रीराम का भक्त हूं और सदैव सच्चाई के मार्ग पर चलता आया हूं।

धनबाद सांसद ने बेरमो विधायक पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कोयला चोरी कर अपनी पत्नी को चुनाव लड़ाने वाले अब मुझे ईमानदारी का पाठ पढ़ा रहे हैं। जनता सब जानती है कि असली भ्रष्टाचार किसने किया है। उन्होंने कहा कि एक चाचा-भतीजे की मिलीभगत से उनके खिलाफ झूठे मुकदमे गढ़े गए, लेकिन सच्चाई की जीत हुई और उन्हें हाईकोर्ट से क्लीन चिट मिली।

सांसद महतो ने कहा कि वे जल्द ही तथाकथित साजिश का खुलासा करेंगे, जिन्होंने एक गरीब परिवार को ढाल बनाकर उन्हें बदनाम करने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि, मैं गरीबों की आवाज उठाता रहा हूं, इसलिए साजिश के तहत मेरे खिलाफ झूठे आरोप लगाए गए। लेकिन सत्य की जीत हमेशा होती है और जनता मेरे साथ है। उन्होंने बेरमो क्षेत्र में विकास कार्यों में बाधा डालने का आरोप लगाते हुए कहा कि आत्मनिर्भर भारत कार्यक्रम का उद्देश्य स्थानीय युवाओं को रोजगार से जोड़ना है, लेकिन कुछ सफेदपोश अपनी राजनीति चमकाने के लिए इस पर भी राजनीति कर रहे हैं।

प्रेस वार्ता में भाजपा बोकारो जिलाध्यक्ष जयदेव राय, सांसद प्रतिनिधि मुकेश राय, परिंदा सिंह सहित पार्टी के कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे। प्रेस वार्ता के दौरान सांसद ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता जनसमस्याओं के समाधान और विकास कार्यों में पूरी निष्ठा से लगे रहें, यही असली राजनीति है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *