प्रहरी संवाददाता/गोमियां (बोकारो)। अपनी गुमशुदा पत्नी के वियोग में एक 30 वर्षीय युवक ने फांसी के फंदे से झूलकर जान दे दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अत्यंत परीक्षण के लिए भेज दिया है।
बताया जाता है कि गोमियां प्रखंड के हद में आईइएल थाना क्षेत्र के कसवागढा रहिवासी नीलकंठ पूर्ति के 30 वर्षीय पुत्र अल्बर्ट पूर्ति ने 24 जुलाई की अहले सुबह फांसी के फंदे से झूलकर जान दे दी। घटना की जानकारी मिलते ही आईईएल पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में कर अत्यंत परीक्षण के लिए तेनुघाट स्थित अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया है।
घटना के संबंध में आईएल थाना प्रभारी प्रफुल्ल कुमार महतो ने बताया कि मृतक के परिजनों के अनुसार अल्बर्ट पुणे में काम करता था। एक सप्ताह पहले घर लौटा था। उसकी पत्नी बीते लोकसभा चुनाव के वक्त से घर से मायके धनबाद के लिए निकली थी। रास्ते से ही वह लापता हो गई।
उसकी खोजबीन की गई तो पता चला कि वह गोमियां से धनबाद के लिए बस से निकली, मगर विष्णुगढ़ में हीं उतर गई। इसके बाद उसका मोबाइल स्वीच ऑफ आने लगा। इसके बाद परिजनों ने गुमसुदगी का मामला दर्ज कराया।
इधर अल्बर्ट पुणे से जब घर लौटा तो वह मानसिक तनाव में रहने लगा। बताया जाता है कि अल्बर्ट बीते 23 जुलाई की रात को ठीक से सोया नहीं। उसे नींद नहीं आ रही थी। उसके साथ परिजन भी जगे रहे।
किन्तु सुबह करीब तीन बजे परिवार के सदस्य सो गये, तब वह घर से बाहर निकला और नदी जाने वाले रास्ते में एक पेड़ पर रस्सी से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह जब गांव के रहिवासी नदी की ओर गये तो उसे फंदे पर लटका देखा। तुरंत उसके परिजनों को इस बात की जानकारी दी गयी। इसके बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और पूछताछ के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
![]()













Leave a Reply