रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो के बहुचर्चित जयंत सिंह हत्याकांड के मुख्य आरोपी विनोद कुमार उर्फ विनोद खोपड़ी के अवैध निर्माण को ध्वस्त करने और उसे फांसी की सजा देने की मांग को लेकर 3 जनवरी को सर्व समाज ने नगर सेवा भवन के समक्ष अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी।
भूख हड़ताल पर बैठे सर्व समाज के जितेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि जिला प्रशासन और बीएसएल नगर प्रशासन दोनों ही कहीं न कहीं अपराधी के दबाव में काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बोकारो के अपर समहार्ता मुमताज़ आलम ने सार्वजनिक रूप से 15 दिनों के भीतर विनोद खोपड़ी का अवैध कब्जा तोड़ने की बात कही थी, लेकिन समय बीत जाने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालते हुए जिला प्रशासन बीएसएल को दोष दे रहा है, वहीं बीएसएल का कहना है कि जिला प्रशासन चाहे तो अवैध कब्जा तुरंत हटाया जा सकता है, जबकि निर्माण बीएसएल की जमीन पर स्थित है।

इस दौरान स्वर्गीय जयंत सिंह की पत्नी अमृता सिंह ने स्पष्ट कहा कि जब तक उन्हें न्याय नहीं मिलेगा, वे भूख हड़ताल पर डटी रहेंगी। गौरतलब है कि जयंत सिंह की हत्या बीते माह 10 दिसंबर को की गई थी। पुलिस इस मामले में मुख्य आरोपी विनोद खोपड़ी सहित सात आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, लेकिन अवैध निर्माण पर कार्रवाई न होने से रहिवासियों में भारी आक्रोश है।
![]()













Leave a Reply