Advertisement

नारायणी नदी किनारे नमामि गंगे घाट पर सैकड़ों हाथों ने लिया मतदान का संकल्प

मतदान जागरूकता रैली में गूंजा लोकतंत्र का संदेश, मतदान से ही बदलता है देश

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में सोनपुर में नारायणी नदी किनारे नमामि गंगे घाट पर 2 नवंबर की शाम लोकतंत्र की जीवंत तस्वीर का नजारा दिखा। नारायणी तट पर सैकड़ों आम व् खास जनों ने जब अपने हाथ उठाकर मतदान की सामूहिक शपथ ली।

लोकतंत्र के इस महापर्व को सफल बनाने के लिए सोनपुर विधानसभा क्षेत्र के मतदाताओं के भीतर उत्साह देखते ही बनता था।ढलती शाम की सुनहरी रोशनी में लोकतंत्र के प्रति जागरूकता का यह आयोजन मतदान महोत्सव में बदल गया।
निर्वाचन आयोग के स्वीप कार्यक्रम के तहत आयोजित इस विशेष अभियान में स्थानीय नागरिकों, महिलाओं, युवाओं और अधिकारियों की भारी मौजूदगी ने इसे जनआंदोलन का रूप दे दिया। सोनपुर के नमामि गंगे घाट – भारत वंदना घाट पर आयोजित कार्यक्रम का संचालन शालीन और प्रेरणादायक माहौल में किया गया, जिसमें हर चेहरा मतदान के प्रति प्रतिबद्धता झलकाता नजर आया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि और निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त जनरल ऑब्जर्वर बटलांग एस. सोहलिया ने उपस्थित जनसमूह को लोकतांत्रिक व्यवस्था बनाये रखने की शपथ दिलाई। उनके नेतृत्व में उपस्थित जनों ने सामूहिक रूप से यह संकल्प दोहराया कि वे धर्म, जाति या किसी भी प्रलोभन से ऊपर उठकर निष्पक्ष मतदान करेंगे। घाट पर एक स्वर में गूंजा शपथ का मंत्र – हम भारत के नागरिक, लोकतंत्र में अपनी पूर्ण आस्था रखते हुए… अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

रंगोली और रैली से सजी लोकतंत्र की तस्वीर

शपथ ग्रहण के बाद रंगोलियों ने घाट को उत्सव का रूप दे दिया। आंगनबाड़ी सेविकाओं और सहायिकाओं ने हर वोट कीमती है, मतदान से ही बदलता है देश जैसे संदेशों से सजावट की। इसके बाद निकली रैली में सैकड़ों महिलाएं, बच्चे एवं युवा शामिल हुए। पहले मतदान, फिर जलपान और वोट है ताकत, इसे मत गंवाओ जैसे नारे नारायणी की लहरों के साथ दूर तक गूंज उठा। रैली का कारवां सोनपुर के पुल घाट, कालीघाट होते हुए डीआरएम कार्यालय तक पहुंचा। अभियान में महिलाओं की भागीदारी विशेष रही। कई महिलाओं ने बताया कि वे इस बार न सिर्फ खुद मतदान करेंगी, बल्कि आसपास के मतदाताओं को भी प्रेरित करेंगी। युवाओं में भी जोश देखने लायक था। कई समूहों ने पोस्टर, बैनर और गीतों के माध्यम से लोकतंत्र के महत्व का संदेश दिया।

इस अवसर पर सोनपुर के अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) स्निग्धा नेहा एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सीडीपीओ) श्वेता कुमारी ने कहा कि मतदान सिर्फ अधिकार नहीं, यह जिम्मेदारी है। हर वोट देश के भविष्य की दिशा तय करती है। बाल विकास परियोजना पदाधिकारी श्वेता कुमारी, पर्यवेक्षिकाएं आर्या सिंह, सरिता कुमारी, प्रतिभा कुमारी सहित बड़ी संख्या में सेविकाएं – सहायिकाएं और अधिकारीगण मौजूद रहे।

कार्यक्रम के अंत में लोकतंत्र के अलख को गांव-गांव तक पहुंचाने का संकल्प प्रस्तुत करने वाला यह मतदाता जागरूकता संकल्प गीत ने उपस्थित जनों को भाव-विभोर कर दिया। नारायणी की ठंडी हवाओं के बीच जब गीत की पंक्तियां हर वोट है उम्मीद की किरण, चलो निभाएं लोकतंत्र का वचन गूंजीं, तो पूरा माहौल राष्ट्रभाव से सराबोर हो उठा।
ऑब्जर्वर बटलांग एस. सोहलिया ने कहा कि यह अभियान सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि लोकतंत्र के प्रति जागरूकता की एक निरंतर यात्रा है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में ऐसे प्रयास गांव-गांव तक किए जाएंगे, ताकि हर वोट गिने, हर मतदाता जागे।

 

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *