Advertisement

एमडीओ के विरोध में गुवा सेल में मजदूरों व ग्रामीणों की विशाल रैली व् प्रदर्शन

सिद्धार्थ पांडेय/चाईबासा (पश्चिम सिंहभूम)। पश्चिमी सिंहभूम जिला के हद में गुवा सेल में माइन डेवलपर एंड ऑपरेटर (एमडीओ) प्रणाली लागू करने के प्रस्ताव के विरोध में 13 मार्च की संध्या मजदूरों और ग्रामीणों ने विशाल रैली निकालकर जोरदार प्रदर्शन किया।

रैली गुवा के रेलवे मार्केट स्थित झारखंड मजदूर संघर्ष संघ यूनियन कार्यालय से निकाली गई, जो विभिन्न मार्गों से होते हुए गुवा सेल के जनरल ऑफिस के समक्ष पहुंची। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने एमडीओ के विरोध में जोरदार नारेबाजी की। आंदोलन में झारखंड मजदूर संघर्ष संघ यूनियन, बोकारो स्टील वर्कर्स यूनियन (इंटक), सप्लाई मजदूर संघ, झारखंड मजदूर मोर्चा यूनियन, स्थानीय जनप्रतिनिधियों तथा आसपास के गांवों के ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।

इस अवसर पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए झारखंड मजदूर संघर्ष संघ के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडेय ने कहा कि सेल प्रबंधन गुवा में एमडीओ प्रणाली लागू करने की तैयारी कर रहा है, जिसका मजदूर संगठन और स्थानीय ग्रामीण मिलकर कड़ा विरोध करेंगे। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्थिति में गुवा में एमडीओ प्रणाली लागू नहीं होने दी जाएगी। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि सेल प्रबंधन धीरे-धीरे मजदूरों को मिलने वाली सुविधाओं में कटौती कर रहा है।

उदाहरण के तौर पर कोलकाता स्थित रुबी अस्पताल के गेस्ट हाउस को बंद कर दिया गया है, जिससे इलाज के लिए जाने वाले मजदूरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही यह भी कहा गया कि एमडीओ व्यवस्था लागू होने से वर्षों से काम कर रहे सप्लाई मजदूरों के रोजगार पर संकट उत्पन्न हो सकता है तथा मजदूरों से 8 घंटे की जगह 12 घंटे तक काम लेने की आशंका है।

बताया जाता है कि लगभग एक घंटे तक प्रदर्शन के बाद यूनियन के प्रतिनिधियों ने सेल प्रबंधन को मांग पत्र सौंपा। प्रबंधन ने आश्वासन दिया कि मजदूरों की मांगों को उच्च अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा और इस पर विचार किया जाएगा। मौके पर रामा पांडेय, अंतर्यामी महाकुड़, संजु गोच्छाईत, जिला परिषद सदस्य देवकी कुमारी, बोकारो स्टील वर्कर्स यूनियन (इंटक) के विश्वजीत तांती, निर्मलजीत सिंह, पंचम जॉर्ज सोय, चंद्रिका खंडायत, जानों चातर, नूतन सुंडी, प्रशांत चाम्पिया, सुशील पूर्ति, किशोर सिंह सहित बड़ी संख्या में मजदूर और ग्रामीण रहिवासी उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *