Advertisement

सिवनडीह मोड़ पर भीषण आग, 5-7 सिलेंडर फटने की आशंका; चपेट में कई दुकान

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो के सिवनडीह मोड़ स्थित एक टेंट हाउस में 3 मार्च की शाम अचानक भीषण आग लग गई। बताया जाता है कि आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग लगने का कारण गैस सिलेंडर ब्लास्ट होना बताया जा रहा है, हालांकि इसकी पुष्टि जगत प्रहरी नहीं करता है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास की 4 से 5 दुकानें भी इसकी चपेट में आ गईं। स्थानीय रहिवासियों ने बताया कि टेंट हाउस में रखे 5 से 7 गैस सिलेंडरों के फटने की आशंका है, जिससे धमाकों की आवाज दूर तक सुनाई दी। विस्फोट के कारण आग और भड़क गई तथा आसपास के दुकानदारों ने अपनी दुकानों से सामान निकालकर सुरक्षित स्थानों पर रखने की कोशिश की।

उक्त अगलगी की घटना माराफारी थाना क्षेत्र में घटित हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को नियंत्रित करने का प्रयास किया। फायर ब्रिगेड की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच कर आग पर काबू पाने की कोशिश कर रही है। इस घटना से फिलहाल किसी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। प्रशासन ने आमजनों से अपील की है कि वे घटनास्थल से दूरी बनाए रखें, ताकि राहत और बचाव कार्य में बाधा न हो। समाचार लिखे जाने तक आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *