एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला के हद में ऑफिसर्स क्लब कथारा में 31 अक्टूबर को विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में क्षेत्र के विभिन्न परियोजनाओं में कार्यरत 23 कामगारों के सेवानिवृत्त होने पर भावभीनी विदाई दी गयी।
क्षेत्र के महाप्रबंधक की अध्यक्षता में आयोजित सम्मान सह विदाई समारोह का संचालन सहायक प्रबंधक मानव संसाधन ने किया। आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए क्षेत्र के महाप्रबंधक ने कहा कि कामगारों की मेहनत और समर्पण के बल पर ही कंपनी निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ जीवन ही सुखी जीवन का आधार है, इसलिए जीवन भर की कमाई और अनुभव का सदुपयोग करते हुए सेवानिवृत्ति के बाद भी सक्रिय जीवन व्यतीत करें। उन्होंने कर्मियों से कहा कि रिटायरमेंट जीवन का अंत नहीं बल्कि नए अध्याय की शुरुआत है।
सेवानिवृत्ति के बाद भी कार्य करते रहना न केवल स्वास्थ्य के लिए लाभदायक रहेगा, बल्कि आपके मन को भी संतुष्टि देगा। उन्होंने कहा कि अच्छे कर्म करने वाले हमेशा याद किए जाते हैं, इसलिए सेवा काल के साथ-साथ सेवानिवृत्ति के बाद भी समाज और परिवार के लिए अच्छे कार्य करते रहें।
समारोह में क्षेत्र के 23 सेवानिवृत्त कर्मचारियों को माला व शॉल ओढ़ाकर, अंगवस्त्र व् सामग्री देकर सम्मानित किया गया। सेवानिवृत्त कर्मियों को महाप्रबंधक, क्षेत्राधिकारी मानव संसाधन सहित उपस्थित अधिकारियों और श्रमिक प्रतिनिधियों ने सम्मानित किया।
समारोह में विभिन्न यूनियनों से जुड़े श्रमिक नेता सहित अनेक अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे। खास यह कि पूर्व में यहां पदस्थापित सीएसआर प्रबंधक चंदन कुमार के सीसीएल मुख्यालय रांची स्थानांतरण के बाद से इस प्रकार के कार्यक्रमों की सूचना मीडिया कर्मियों के देने की शायद किसी को जिम्मेदारी नहीं दी गयी है, जिस कारण मिडियाकर्मियों की समारोह में अनुपस्थिति देखी गयी।
![]()













Leave a Reply