Advertisement

बुंडू पंचायत के तीसरी वर्षगांठ पर सम्मान समारोह का आयोजन

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में पेटरवार प्रखंड के मॉडल बुंडू पंचायत का तीसरा वर्षगांठ के अवसर पर 10 जुलाई को बुंडू स्थित वीणा परिषद मेलाटांड़ परिसर में भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। सम्मान समारोह की अध्यक्षता बुंडू मुखिया निहारिका सुकृति ने की। मुख्य अतिथि पूर्व विधायक डॉक्टर लंबोदर महतो शामिल थे।

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो, बोकारो जिला परिषद उपाध्यक्ष बबिता देवी, उप प्रमुख सीमा देवी तथा पंचायत की मुखिया निहारिका सुकृति ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर पंचायत क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले बुद्धिजीवियों, कर्मियों तथा विभिन्न विभागों के कर्मचारियों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।

सम्मान पाने वालों में पंचायत क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक, सेवानिवृत्त शिक्षक, सेवानिवृत्त अधिकारी, डीलर, आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका, कंप्यूटर ऑपरेटर , प्रेस मीडिया, पूर्व पंचायत प्रतिनिधि, डॉक्टर, बैंक कर्मी सहित कई समाजसेवी और कर्मठ रहिवासी शामिल थे। समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक डॉ महतो ने कहा कि पंचायत स्तर पर इस प्रकार के आयोजनों से स्थानीय स्तर पर सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है तथा समाज में उत्कृष्ट कार्य करने वाले रहिवासियों को पहचान और प्रोत्साहन मिलता है।

उन्होंने कहा कि बुंडू बोकारो जिला का पहला पंचायत है जो इस तरह का कार्यक्रम कर रही है। उन्होंने कहा कि विकास की प्रक्रिया को तेज करने में पंचायत की भूमिका अहम है। इसके लिए पंचायत प्रतिनिधियों तथा क्षेत्रवासियों का सहयोग आवश्यक है। डॉ महतो ने कहा कि पंचायत की मुखिया बुंडू को आदर्श पंचायत के रूप में स्थापित करने में प्रतिबद्धता के लिए बधाई के पात्र हैं।

पंचायत ने अल्प समय में विकास के कई नए कीर्तिमान स्थापित किया हैं, जिसमें स्वच्छता, शिक्षा, पेयजल, सड़क मरम्मत और सरकारी योजनाओं का लाभ आम जनता तक पहुँचाना शामिल है। उन्होंने मुखिया निहारिका सुकृति और उनकी पूरी टीम की सराहना करते हुए कहा कि इनके नेतृत्व में पंचायत ने कई सकारात्मक पहल की है, जिससे आम जनों का विश्वास पंचायत व्यवस्था में बढ़ा है। कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों और जनता के बीच समन्वय से ही पंचायत मजबूत हो सकती है।

उन्होंने कहा कि जो समाज के लिए निःस्वार्थ भाव से कार्य कर रहे हैं, उन्हें सम्मानित कर हम उनके हौसले को ओर ऊँचाई दे सकते हैं। कार्यक्रम में उपस्थित जनों ने मुखिया को भी बुंडू पंचायत के विकास में उनके नेतृत्व और सेवा भाव के लिए सम्मानित किया। रहिवासियों ने कहा कि बुंडू मुखिया निहारिका सुकृति ने पंचायत में जो कार्य की है, वह सराहनीय काबिल है। कार्यक्रम में मंच संचालन मुमताज अंसारी ने किया। मौके पर पेटरवार के अंचलाधिकारी अशोक राम, उप मुखिया चन्दना डे, भोला प्रसाद, रितेश सिन्हा, सिना नायक, गणेश रजवार सहित दर्जनों गणमान्यजन शामिल थे।

 

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *