रंगोत्सव सामाजिक सौहार्द, प्रेम, भाईचारे व् सकारात्मकता का संदेश देता है-उराँव
सिद्धार्थ पांडेय/चाईबासा (पश्चिम सिंहभूम)। पश्चिमी सिंहभूम जिला के हद में गुवा व बड़ाजामदा के विभिन्न स्थानों पर बीते 2 मार्च रात 9 बजे होलिका दहन कार्यक्रम श्रद्धा एवं उत्साह के साथ आयोजित किया गया।
बताया जाता है कि उक्त स्थलों में होलिका दहन को लेकर दोपहर से ही रहिवासियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। बच्चे, युवा एवं महिलाएं पारंपरिक परिधानों में सज-धजकर कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे और विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की।
गुवा क्षेत्र के कल्याण नगर, विवेक नगर, रेलवे मार्केट, राम नगर, हिरजी हाटिंग, कैलाश नगर एवं बिरसा नगर में सामूहिक रूप से होलिका दहन किया गया। पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच होलिका की पूजा कर अग्नि प्रज्ज्वलित की गई। श्रद्धालुओं ने परिक्रमा कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
इस अवसर पर कई स्थानों पर महिलाओं ने पारंपरिक लोकगीत गाए और बच्चों ने रंग-बिरंगी आतिशबाजी का आनंद लिया। वहीं बड़ाजामदा क्षेत्र में भी विभिन्न चौक-चौराहों पर होलिका दहन किया गया। ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में रहिवासियों ने एकजुट होकर बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक इस पर्व को मनाया। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्थानीय प्रशासन सतर्क रहा और शांतिपूर्ण माहौल में कार्यक्रम संपन्न हुआ।
उक्त अवसर पर बड़ाजामदा ओपी प्रभारी वालेश्वर उराँव एवं गुवा थाना प्रभारी नीतीश कुमार ने कहा कि बुराई पर अच्छाई (भक्त प्रह्लाद की जीत) और वसंत ऋतु के आगमन का प्रतीक है। यह रंगों का त्योहार आपसी प्रेम, भाईचारे, आपसी मतभेद भुलाने और सकारात्मकता का संदेश देता है। कहा कि यह सामाजिक सौहार्द और नई शुरुआत का भी अवसर है।होलिका दहन के साथ ही क्षेत्र में होली पर्व को लेकर उत्साह और बढ़ गया है। ज्ञात हो कि 4 मार्च को रंगों का त्योहार होली हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा।
![]()













Leave a Reply