बुराई की प्रतीक होलिका दहन में शामिल हुए आमजन
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिले में जगह-जगह बीते 2 मार्च की देर रात्रि बुराई की प्रतीक होलिका दहन शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया। इस अवसर पर होलिका दहन में शामिल जमातों ने सामूहिक रूप से सत्य एवं धर्म के रास्ते पर चलने का संकल्प लिया।
जानकारी के अनुसार सारण जिला के हद में सोनपुर प्रखंड के सोनपुर, आनंदपुर, राहर दियारा नजरमीरा, आनंदपुर, दिघवारा प्रखंड के दिघवारा, आमी सहित सभी प्रखंडों में होलिका दहन उल्लास के साथ आयोजित किया गया। इस अवसर पर ग्रामीण तथा शहरी क्षेत्रों में स्थानीय रहिवासियों द्वारा लकड़ी, कण्डा आदि एकत्रित कर बुराई की प्रतीक होलिका का दहन किया तथा ढोल मंजिरे के साथ देव होली गीत गाये।
बताया जाता है कि जिला के हद में सोनपुर प्रखंड के सबलपुर बभनटोली में सर्वप्रथम होलिका दहन स्थल पर जाने से पूर्व फगुआ गायकों की मंडली ने जमुना सिंह अखाड़ा हनुमान मंदिर परिसर में एकत्रित होकर मर्यादा पुरषोत्तम भगवान राम के भक्त हनुमानजी के प्रति समर्पित फगुआ गीत बजरंग बली के बलिहारी गाकर उनसे आशीर्वाद ग्रहण किया। इसके बाद गायक मंडली शिव गौरी के मुख पर रंग डालो, पिया परदेशिया नजरी लगाइहे, केशिया से काजर जन कर गोरी, पिया परदेसिया नजरी लगइहें, बाजे हो देवी बाजे देवी रउरे बधाईयां बाजे, सबलपुर में आएल हो बाबा सबलपुर में गोरखाई हो नाथ, हमरा से लटपट मत कर सैयां, बजवाया वीर जवाहर में आजादी का डंका भारत में, सिया झारी लंबी केश, लक्ष्मण लाई द कंगहिया, अहो फागुन है दिल रसके, बोल बोल हो देवरवा हंस के, अहो कूद पड़े जमुना में कन्हैया लरिका हो गोपाल, राम चलल दल साज हो रावण गर्व लिए लड़ने को।
तोरा संग ना जईबे हो नंदलाल, मारे पिचकारी बिगाड़े मोर अंगिया, राधा ललित गोपाल हो गोपिन के संग खेले कन्हैया। घर जाने के रहिया बता द हरि ,चारों ओर नदिया रंग सी भरी आदि अनगिनत फगुआ गीतों की गंवनई के साथ होलिका दहन किया गया। एक अन्य जानकारी के अनुसार एसएसपी सारण द्वारा होलिका दहन एवं होली पर्व को लेकर जिला के हद में गरखा एवं भेल्दी थाना का निरीक्षण किया गया।
बताया जाता है कि होली पर्व को लेकर बीते 2 मार्च को होली पर्व के मद्देनज़र विधि-व्यवस्था संधारण एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक द्वारा जिला मुख्यालय छपरा के भगवान बाजार थाना अंतर्गत राजेंद्र कॉलेज के पास निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के क्रम में क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था, पुलिस बल की तैनाती, गश्ती व्यवस्था तथा संवेदनशील बिंदुओं की समीक्षा की गई। संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जाए एवं असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जाए।
एसएसपी द्वारा सभी थानाध्यक्षों को निर्देश दिया गया कि होली पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की हुड़दंग, जबरन रंग लगाने, शराब सेवन कर उपद्रव करने अथवा अफवाह फैलाने की स्थिति में त्वरित एवं कठोर विधि सम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इस अवसर पर जिला प्रशासन एवं सारण पुलिस द्वारा आमजनों से अपील की गई कि होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दे।
![]()













Leave a Reply