Advertisement

औरमो में देव इंस्टिट्यूट ऑफ नर्सिंग साइंसेज में होली मिलन समारोह

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के बरई कला पंचायत के औरमो में एक मार्च को देव इंस्टिट्यूट ऑफ नर्सिंग साइंसेस में होली मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया।

रंगों के इस पावन पर्व पर संस्थान परिसर उल्लास, उमंग और भाईचारे के रंग में सराबोर नजर आया। कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक तरीके से की गयी, जिसमें संस्थान के निदेशक, प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्राओं ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। परिसर में होली है के उत्साहपूर्ण स्वर गूंजते रहे और हर ओर रंग-बिरंगी छटा बिखरी रही।

इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। छात्राओं ने होली गीतों पर नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। पारंपरिक लोकगीतों और आधुनिक होली गीतों पर प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया। कार्यक्रम के दौरान हास्य-परिहास और सामूहिक नृत्य ने माहौल को और भी आनंदमय बना दिया।

इस अवसर पर संस्थान प्रबंधन ने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि प्रेम, सद्भाव और सामाजिक एकता का प्रतीक है। ऐसे आयोजन संस्थान परिवार के बीच आपसी समन्वय और आत्मीयता को मजबूत करते हैं। सभी से आग्रह किया गया कि होली को शांति, सौहार्द और स्वच्छता के साथ मनाएं तथा समाज में सकारात्मक संदेश फैलाएं। अंत में सभी ने एक-दूसरे को मिठाइयां खिलाकर पर्व की खुशियां साझा कीं। पूरा संस्थान परिवार रंगों और खुशियों के इस उत्सव में सराबोर नजर आया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *