Advertisement

हेमंत सरकार के कैबिनेट का विस्तार आज, मंत्री बनने की रेस में कई दिग्गज

एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। झारखंड में हेमंत सरकार के कैबिनेट का विस्तार 5 दिसंबर को किया जाएगा। यहां शेष मंत्री शपथ लेंगे।

ज्ञात हो कि, हेमंत सोरेन ने झारखंड के 14वें सीएम पद की शपथ बीते माह 28 नवंबर को ली थी। तब उनके साथ किसी भी विधायक ने मंत्री पद की शपथ नहीं ली थी। कांग्रेस और झामुमो ने लगभग नाम तय कर लिये हैं और संभावित मंत्रियों के नाम सामने आ रहे है।

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, वरिष्ठ नेता राहुल गांधी, महासचिव केसी वेणुगोपाल और झारखंड प्रभारी गुलाम अहमद के साथ बैठक कर चुके हैं। संभवतः कांग्रेस आलाकमान ने मंत्रियों के नाम पर मंथन कर लिया है।

सूत्र के अनुसार इस बैठक में मंत्रियों के नामों पर मुहर भी लग गई है। कांग्रेस आलाकमान द्वारा उनके कोटे के मंत्रियों के नामों को सीएम हेमंत सोरेन को भेज दिया गया है। बताया जाता है कि कांग्रेस के खाते में चार मंत्री पद है, जिसके लिए 9 विधायकों के नामों पर अटकल लगायी जा रही है।

इनमें पोड़ैयाहाट विधायक प्रदीप यादव, महागामा विधायक दीपिका पांडेय सिंह, जामताड़ा विधायक इरफान अंसारी, पाकुड़ विधायक और पूर्व मंत्री आलमगीर आलम की पत्नी निशत आलम, राजेश कच्छप, नमन विक्सल कोंगाड़ी, मांडर विधायक शिल्पी नेहा तिर्की, बेरमो विधायक कुमार जयमंगल उर्फ अनूप सिंह और ममता देवी का नाम सबसे आगे है।

अगर झामुमो खेमे की बात करें तो इनमें दीपक बिरुआ, रामदास सोरेन, लुईस मरांडी, मथुरा महतो, सबिता महतो, उमाकांत रजक, हफीजुल हसन अंसारी, एमटी राजा, अनंत प्रताप देव और चुन्ना सिंह का नाम सबसे आगे है। मंत्रिमंडल में खासतौर पर सभी समीकरणों का ध्यान रखा जा रहा है, लेकिन झामुमो में अंतिम फैसला सीएम हेमंत सोरेन ही लेंगे।

वहीं चार सीट जीतने वाली राजद को भी एक मंत्री पद मिलेगा। राजद की ओर से देवघर विधायक सुरेश पासवान रेस में आगे हैं। पासवान पहले भी मंत्री रह चुके हैं व् तीन बार से देवघर विधायक हैं। वहीं एक दूसरा नाम गोड्डा से विधायक संजय यादव का भी है। उनको भी मंत्री बनाए जाने की चर्चा है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *