प्रहरी संवाददाता/कसमार (बोकारो)। बीते 17 जनवरी की रात मेला देखकर घर लौटने के दौरान एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में बोकारो जिला के हद में हरनाद रहिवासी 18 वर्षीय दीपक महतो की मौत हो गई, जबकि उसके साथी अमित महतो गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताया जाता है कि यह हादसा समाजसेवी सफी आलम के घर के पास स्थित मोड़ पर उस समय हुआ, जब दोनों युवक बाइक से घर लौट रहे थे। मृतक दीपक महतो सड़क दुर्घटना में सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण बुरी तरह जख्मी हो गए। वहीं उनके साथ बाइक सवार अमित महतो (उम्र 18 वर्ष) पिता जागूं महतो हादसे में घायल हो गए।
दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर राहगीरों और आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जेएमएम के युवा नेता राजेश टुडू, कुलदीप करमाली और राकेश साहू ने समाजसेवी ज्ञानेश जायसवाल को फोन पर घटना की सूचना दी और एंबुलेंस की शीघ्र व्यवस्था करने का आग्रह किया।
मानवता का परिचय देते हुए समाजसेवी ज्ञानेश जायसवाल ने बिना देर किए एंबुलेंस की व्यवस्था कर दोनों घायलों को कसमार सरकारी अस्पताल भिजवाया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने दीपक को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल अमित की हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। समाजसेवी जायसवाल ने तत्परता दिखाते हुए एंबुलेंस के माध्यम से घायल अमित को बोकारो सदर अस्पताल भिजवाने की व्यवस्था की।
इस दु:खद घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है और मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय रहिवासियों ने समाजसेवी जायसवाल उर्फ संटू द्वारा दिखाई गई तत्परता और मानवीय संवेदना की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे समय में उनका सहयोग पीड़ित परिवार के लिए बड़ी राहत से कम नहीं है।
![]()













Leave a Reply