Advertisement

दिल दहला देने वाला बोकारो में दोहरा हत्याकांड से दहशत

होटल के निकट घर में दंपती की निर्मम हत्या

प्रहरी संवाददाता/कसमार (बोकारो)। बोकारो शहर के हरला थाना क्षेत्र स्थित सेक्टर-9 जोशी कॉलोनी में बीते 30 नवंबर की देर रात एक ऐसा दर्दनाक मामला सामने आया, जिसने पूरे शहर को स्तब्ध कर दिया।

बताया जाता है कि सेक्टर नाइन स्थित बाली होटल के समीप रहने वाले वृद्ध दंपती 65 वर्षीय महावीर साव और उनकी 60 वर्षिया पत्नी कौशल्या देवी की उनके ही निजी घर में बेरहमी से हत्या कर दी गई। सुबह दुकान बंद देखकर स्थानीय रहिवासियों ने जब दरवाजा खोला, तो भीतर का दृश्य देख सभी सन्न रह गए। महावीर साव खून से लथपथ मृत पड़े थे और उनकी पत्नी का गला रेत दिया गया था।

मृत दंपती मूल रूप से जिला के हद में गोमिया प्रखंड के चतरोचट्टी थाना क्षेत्र के चिदरी रहिवासी थे। लंबे समय से वे सेक्टर नाइन के जोशी कॉलोनी में राशन व चाय-पकौड़ी की दुकान चला रहे थे। बताया जाता है कि जब रोज की तरह एक दिसंबर को जब दुकान नहीं खुली तो स्थानीय रहिवासियों ने अंदर जाकर देखा और घटना की जानकारी हरला थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सिटी डीएसपी आलोक रंजन, हरला थाना प्रभारी सह पुलिस इंस्पेक्टर खुर्शीद आलम, डॉग स्क्वॉड और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। इसके बाद दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए।

मृतको की बहू अनीता देवी ने दंपती की हत्या की पुष्टि करते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस पुरानी रंजिश, लूट, पारिवारिक विवाद और कारोबारी कारणों समेत सभी कोणों से मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने जल्द खुलासे का दावा किया है, लेकिन शहर में भय और स्तब्धता व्याप्त है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *