प्रहरी संवाददाता/धनबाद (झारखंड)। राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस (डॉक्टर्स डे) के अवसर पर एक जुलाई को झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री को रानीगंज के ग्रामवासियों द्वारा सम्मानित किया गया।
जानकारी के अनुसार रानीगंज की सूरजमुनि सोरेन ने राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफ़ान अंसारी को अपने गांव में सम्मानित किया। सूरजमुनि और ग्रामवासियों ने मंत्री की सराहना करते हुए कहा कि वे जनता के हित के लिए सदैव तत्पर रहते हैं। हमेशा सभी के सुख दु:ख में साथ रहते हैं। आयोजित सम्मान समारोह की सबसे खास बात यह थी कि न तो यहां कोई बड़ा मंच था और न ही लाउडस्पीकर। था तो ग्रामवासियों का अपने मंत्री डॉक्टर के लिए असीम प्रेम और सम्मान।
मौके पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफ़ान अंसारी ने कहा कि रानीगंज की बेटी सूरजमुनि और ग्रामवासियों के प्रेम और सम्मान से वे अभिभूत है। अच्छे कार्यों की सराहना अगर आम जनता करती है तो और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलती है। कहा कि राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर वे देश के सभी चिकित्सकों को साधुवाद देते है। उन्होंने कहा कि चिकित्सक धरती पर भगवान का रूप होते हैं।
उनका सम्मान करना सभी का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि राज्य के स्वास्थ्य मंत्री के रूप में दायित्व संभालते ही उनका एकमात्र लक्ष्य राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को कैसे सुदृढ़ और बेहतर किया जाए। गांव से लेकर शहर तक की स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ कर एकरूपता लाना मेरी प्राथमिकता है। इस दिशा में प्रत्येक दिन उनके द्वारा कार्य किया जा रहा है।
मंत्री ने कहा कि राज्य के अस्पतालों में मूलभूत सुविधाओं के साथ साथ हर आधुनिक सुविधा उपलब्ध कराने का उनके द्वारा प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गत वर्ष मेरी माताजी का निधन ऑक्सीजन के अभाव में हो गया था।
इस घटना ने मुझे अन्दर से तोड़ दिया। मैं राज्य के सभी अस्पतालों चाहे निजी हो या सरकारी, सभी को निर्देश दिया है कि किसी भी हालत में ऑक्सीजन की कमी नहीं होनी चाहिए। मैने अपनी मां को खोया है, मैं नहीं चाहता कि ऐसा किसी और के साथ हो। कहा कि मुझे विरासत में लचर स्वास्थ्य व्यवस्था के रूप में कांटो भरा ताज मिला है, लेकिन मैं अपने दृढ़ संकल्प और मेहनत से राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को उत्कृष्ट बनाऊंगा, ये मेरा वादा है। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण महिला-पुरुष रहिवासी उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply