एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। सीसीएल के जन आरोग्य केंद्र द्वारा 6 फरवरी को झारखंड की राजधानी रांची के पिस्का नगड़ी स्थित आदर्श वृद्धा आश्रम में नि:शुल्क मेगा स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया।
जानकारी के अनुसार सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) के जन आरोग्य केंद्र द्वारा आयोजित नि:शुल्क मेगा स्वास्थ्य जांच शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा कुल 76 रोगियों की नि:शुल्क स्वास्थ्य जाँच की गई तथा उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया।
बताया जाता है कि शिविर के दौरान विशेष रूप से आश्रम में रह रहे वृद्धजनों का हीमोग्लोबिन, ब्लड शुगर, हाइपरटेंशन सहित अन्य सामान्य एवं गंभीर बीमारियों की जाँच की गई। जाँच के उपरांत सभी लाभार्थियों को आवश्यक नि:शुल्क दवाएँ भी उपलब्ध कराई गईं।
शिविर के सफल आयोजन में सीसीएल रांची के सीएमओ सह सीएसआर इंचार्ज डॉ प्रीति तिग्गा, डॉ अनिता होरो, डॉ आशिमा तिग्गा, डॉ शिखा, डॉ स्वाति, डॉ शिल्पी झा, डॉ मेघा, स्वास्थ्य कर्मी मुन्ना कुमार सिंह, कमलेश पंडित एवं समस्त पैरामेडिकल स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा। स्थानीय रहिवासी एवं आश्रम प्रबंधन ने सीसीएल की इस जन कल्याणकारी पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविरों के आयोजन की अपेक्षा व्यक्त की है।
![]()













Leave a Reply