Advertisement

हजारीबाग पुलिस ने कार से किया 102 किलो डोडा बरामद, तस्कर फरार

प्रहरी संवाददाता/बगोदर (हजारीबाग)। गुप्त सूचना के बाद हजारीबाग पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कार से 102 किलो डोडा बरामद किया है। हालांकि पुलिस को चकमा देकर तस्कर फरार होने में सफल रहा है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार बीते 17 अगस्त को पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि एक सफेद रंग की वर्ना कार में संदेहास्पद वस्तु लोड है। सूचना के सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई हेतु अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बरही एवं थाना प्रभारी बरही के नेतृत्व में एक टीम का गठन कर पुलिस अवर निरीक्षक हरेन्द्र कुमार सिंह एवं सशस्त्र बल के साथ बरही चौक पर विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया। इस क्रम में सफेद रंग की वर्ना कार क्रमांक-UP70CY/9444 बरही चौक पर पहुंची।

पुलिस टीम द्वारा वाहन रोकने का प्रयास किया गया, परंतु चालक पुलिस को देखकर वाहन को तेजी से गया मुख्य मार्ग की ओर ले भागा। गठित टीम द्वारा पीछा करने पर चालक ने घबराकर वाहन को हरिनगर गली में खड़ा कर लॉक कर दिया और फरार हो गया। पुलिस द्वारा उक्त कार को जब्त कर क्रेन से थाना लाया गया और विधिवत जांच करने पर उसमें से कुल 7 बोरा डोडा (कुल वजन लगभग 102 किलोग्राम) बरामद किया गया।

इस संबंध में वाहन चालक, वाहन मालिक एवं तस्कर के विरुद्ध बरही थाना में कांड क्रमांक 299/25, धारा 15(c)/22(c)/29 एनडीपीएस अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। उक्त कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बरही, पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी बरही, पुलिस अवर निरीक्षक हरेन्द्र कुमार सिंह, बरही थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *