हरिहरनाथ इंस्टीट्यूट की होगी स्थापना-विनोद सिंह सम्राट
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में सोनपुर स्थित बाबा हरिहरनाथ मंदिर परिसर सभागार में 13 अप्रैल को गरीब रक्षक आर्मी के बैनर तले हरिहरक्षेत्र प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
समारोह का बाबा हरिहरनाथ मंदिर न्यास समिति के उपाध्यक्ष विनोद सिंह सम्राट, सचिव विजय कुमार लल्ला, जेपी सेनानी धर्मनाथ शर्मा, गीतकार सह अवकाश प्राप्त एसडीओ सीताराम सिंह, डॉ रमन किशोर, कामता सिंह, विश्वनाथ सिंह एवं अभियंता प्रभात रंजन ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का विधिवत उद्घाटन किया।
समारोह में गरीब रक्षक आर्मी के संयोजक अभियंता प्रभात रंजन एवं उपाध्यक्ष कुंदन कुमार ने इस मौके पर समाज के विभिन्न क्षेत्रों में समाज सेवा में अग्रणी भूमिका निभानेवाले छात्र – छात्राओं, साहित्य सेवा, पत्रकारिता एवं निजी क्षेत्र में समाज कल्याण करने वाले दर्जनाधिक गणमान्य को हरिहर क्षेत्र प्रतिभा सम्मान समारोह में सम्मानित किया।
इस अवसर पर पटना एम्स के युवा चिकित्सक डॉ रमण कुमार ने कहा कि अभी तक उन्होंने बिहार में 235 निःशुल्क स्वास्थ्य कैंप का आयोजन किया है, जिसमें 35000 मरीजों का निःशुल्क इलाज किया गया। उन्होंने युवाओं से सेवा-भाव से कार्य करने की अपील की।
गीतकार सीताराम सिंह ने साहित्य पर चर्चा करते हुए कहा कि साहित्य के बिना सब शून्य है। जेपी सेनानी धर्मनाथ शर्मा ने ऐसे ऊर्जावान समारोह के लिए आयोजनकर्ताओं को साधुवाद दी। हरिहरनाथ मंदिर न्यास के उपाध्यक्ष व भाजपा नेता विनोद सिंह सम्राट ने कहा कि एक से बढ़कर एक अनमोल रतन इस धरा ने दिया, जिससे समाज अनजान है।
ऐसे विस्मृत गणमान्य को इस संस्था ने सम्मानित कर उजागर किया है। उन्होंने संस्था के संयोजक को सुझाव दिया कि इस कार्यक्रम को और व्यापक करें। उन्होंने हरिहरनाथ न्यास की मीटिंग में निर्णय लिया है कि दसवीं कक्षा के बाद आगे पढ़ने की चाह रखने वाले विद्यार्थियों को न्यास समिति सहयोग करेगा। इस निर्णय के तहत हरिहरनाथ इंस्टीट्यूट की स्थापना होगी, जिसमें ऐसे छात्र- छात्राओं को पढ़ाने के लिए व्यवस्था करेंगे। ऐसे व्यक्तियों से सहयोग मांगेंगे। उक्त इंस्टीट्यूट के लिए 50 से अधिक व्यक्तियों ने सहयोग का आश्वासन दिया है। रजिस्ट्रार सूर्य प्रताप सिंह ने कहा कि काबिलियत उम्र की मोहताज नहीं।
मौके पर अमित कुमार, नीलेश कुमार, चंद्रशेखर सिंह (सभी शिक्षक), डॉ आशीष, रौनक सिंह, रौशन सिंह, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता उपेन्द्र सिंह, सरपंच संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष भरत सिंह, अभाविप के आशुतोष कुमार आदि को भी सम्मानित किया गया।
![]()













Leave a Reply