Advertisement

गैरसरकारी तौर पर कलश यात्रा से होगा हरिहरक्षेत्र मेला का शुभारंभ

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। कलश यात्रा के साथ देवोत्थान एकादशी एक दिसंबर को सारण जिला के हद में सोनपुर के विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र मेला का शुभारंभ होगा। इसी दिन से पंच दिवसीय श्रीलक्ष्मी नारायण यज्ञ का शुभारंभ होगा। इसी के साथ ही गैर सरकारी स्तर पर परम्परागत रूप से आध्यात्मिक एवं धार्मिक दृष्टि से हरिहर क्षेत्र मेला का शुभारंभ हो जायेगा।

उक्त बातें 14 अक्टूबर की शाम साधु गाछी सोनपुर स्थित श्रीगजेन्द्र मोक्ष देव स्थानम दिव्य देश पीठाधीश्वर जगद्गुरु रामानुजाचार्य स्वामी लक्ष्मणाचार्य महाराज ने कही। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी हरिहरक्षेत्र मेला कलश यात्रा सोनपुर नगर भ्रमण से किया जायेगा। पंच दिवसीय श्रीलक्ष्मी नारायण यज्ञ की पूर्णाहुति कार्तिक पूर्णिमा के दिन होगा। कहा कि देवोत्थान एकादशी के दिन कलश यात्रा के साथ -साथ सायं 6 से 9 बजे रात्रि तक तुलसी – शालिग्राम विवाह मनाया जायेगा। उन्होंने बताया कि देवोत्थान एकादशी से ही मांगलिक कार्यों का शुभारंभ हो जायेगा।

कहा गया कि कलश यात्रा सह शोभा यात्रा सर्वप्रथम मंदिर प्रांगण से काली घाट, बाबा हरिहरनाथ मंदिर, मीना बाजार होते सम्पूर्ण मेला क्षेत्र का भ्रमण करते हुए पवित्र नारायणी तट के नौलखा मंदिर लौटेगा। जहां जल मातृका, थल मातृका, स्थल मातृका पूजन होगा।माताओं द्वारा महायज्ञ के लिए जल हरण कर कलश माथे पर लेकर यज्ञ मंडप की परिक्रमा नारायण धुन गाते हुए किया जायेगा।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *