Advertisement

बीएसएल-ईएसएएफ साझेदारी से हस्तशिल्प प्रशिक्षित महिलाओं को मिलेगा आजीविका

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। हस्तशिल्प उत्पादों के निर्माण में बीएसएल के सीएसआर के तहत प्रशिक्षण प्राप्त कर चुकी बोकारो स्टील प्लांट के परिधीय गाँवों की महिलाओं को आय और आजीविका के बेहतर अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से सेल-बीएसएल के सीएसआर विभाग एवं ईएसएएफ फाउंडेशन के बीच महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओए) पर हस्ताक्षर किया गया।

इस अवसर पर बीएसएल के महाप्रबंधक (सीएसआर) पी.पी. चक्रवर्ती, सहायक महाप्रबंधक (सीएसआर) ऋचा कुणाल, सहायक प्रबंधक (सीएसआर) प्रवीण कुमार तथा ईएसएएफ फाउंडेशन की ओर से मुख्य प्रबंधक जोएल वर्गीस चेरियन, सलाहकार अजीत सेन सेलवदास, परियोजना अधिकारी गुलाम मोहिउद्दीन सहित बीएसएल-सीएसआर विभाग के अन्य अधिकारी व् कर्मचारी गण उपस्थित थे।

बताया जाता है कि यह एमओए दिसंबर 2022 में हस्ताक्षरित पहले समझौते का विस्तार है, जिसके तहत स्थानीय महिलाओं को बांस, जूट और जलकुंभी से हस्तशिल्प निर्माण का प्रशिक्षण दिया गया था। नए एमओए के अंतर्गत आजीविका संवर्धन, ब्रांडिंग और विपणन के माध्यम से आय सृजन पर विशेष जोर दिया जाएगा।

इस पहल के तहत युक्ता ब्रांड के हस्तशिल्प उत्पादों की बिक्री के लिए एक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म विकसित किया जाएगा तथा अमेज़न और फ्लिपकार्ट जैसे ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर भी इनकी मार्केटिंग की जाएगी। इससे न केवल उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय बाजार में पहचान मिलेगी, बल्कि परिधीय गाँवों की महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण को भी नया आयाम प्राप्त होगा।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *