Advertisement

खाकी के जंगल से मिला गिरिडीह के पूर्व जिप अध्यक्ष सह झामुमो नेता का अधजला शव

इलाके में सनसनी, फोरेन्सिक टीम के साथ जांच में जुटी पुलिस

प्रहरी संवाददाता/बगोदर (गिरिडीह)। गिरिडीह जिला के हद में निमियाघाट थाना क्षेत्र के डुमरी-फुसरो रोड के खांकी जंगल में 21 फरवरी की सुबह झामुमो नेता सह पूर्व जिप अध्यक्ष राकेश महतो का अधजला शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की खबर क्षेत्र में आग की तरह फैल गई।

खबर सुनकर घटनास्थल पर आसपास के रहिवासियों की भीड़ घटना स्थल पर जमा हो गई। वहीं विभिन्न दलों के कार्यकर्ता भी घटना स्थल पर पहुंच गए। आक्रोशित जनों ने इस जघन्य घटना के विरोध में डुमरी-फुसरो रोड को घटना स्थल के समीप जाम कर दिया। लगभग आधा घंटा उक्त रोड जाम रहा। हालांकि, पुलिस ने आक्रोशित जनों को समझा बुझा कर जाम हटाया।

इधर घटना की जानकारी पाकर एसडीपीओ सुमित प्रसाद, पुलिस इंस्पेक्टर राजेंद्र प्रसाद, निमियाघाट थाना प्रभारी सुमन कुमार, डुमरी थाना प्रभारी प्रणीत पटेल सदल बल घटना स्थल पहुंच कर छानबीन में जूट गए। साथ ही खोजी कुत्ता, फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट और एफएसएल की टीम ने भी आवश्यक साक्ष्य जुटाये।

खबर प्रेषण तक हत्या के कारणो का पता नहीं चल सका था। इस निर्मम हत्या की चहुंओर भर्त्सना हो रही है और आमजन ऐसे कृत्य में शामिल अपराधियों को अविलंब गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे है। पुलिस शव को कब्जे में लेकर थाना ले गयी। साथ ही पोस्टमार्टम के लिए कागजी प्रक्रिया पूरी कर शव को गिरिडीह भेज दिया गया है।

बताया जाता है कि जब स्थानीय रहिवासी 21 फरवरी की सुबह जंगल में टहलने निकले तो देखा कि एक बाइक खड़ी है और एक व्यक्ति का अधजला शव पड़ा है। रहिवासियों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस एवं ग्रामीणों को दी।आशंका जताई जा रही है कि हत्या कर शव को जलाने का प्रयास किया गया है।

इधर घटना के बाद दिवंगत झामुमो नेता की पत्नी गीता देवी सहित पुत्र-पुत्री एवं परिजनों का रो रोकर बुरा हाल था। बताया जाता है कि मधगोपाली पंचायत के दोमुहान घुटवाली रहिवासी राकेश महतो बीते 20 फरवरी की सुबह बाइक लेकर घर से निकले थे। जब देर शाम तक घर वापस नहीं लौटे तो परिजन खोजबीन करने लगे। दिवंगत राकेश क्षेत्र के कुशल राजनीतिक छवि के व्यक्ति थे। वे जिला परिषद का चुनाव जीतने के बाद वर्ष 2016 में जिला परिषद के अध्यक्ष भी बने थे। वे काफी मिलनसार एवं सहयोगी प्रवृत्ति के थे। इस संबंध में एसडीपीओ सुमित प्रसाद ने कहा कि पूर्व जिप अध्यक्ष राकेश महतो का अधजला बॉडी प्राप्त हुई है।

पोस्टमार्टम के बाद ही खुलासा हो पाएगा की मामला क्या है। कहा कि बाईक के बगल में बॉडी मिली है। बॉडी को जलाने का प्रयास किया गया है। बताया कि घटना स्थल से ब्लड सेंपल मिलें है। वहीं कुछ और भी साक्ष्य मिले हैं, जिनकी जांच करायी जाएगी। साथ ही पुलिस हर बिंदु पर जांच कर रही है।

 

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *