प्रहरी संवाददाता/बगोदर (गिरिडीह)। दुबई में फंसे गिरिडीह जिला के हद में बगोदर थाना क्षेत्र के घाघरा रहिवासी प्रवासी मजदूर गुरुचरण महतो की 13 अगस्त को वतन वापसी हो गयी। साथ ही कंपनी द्वारा तीन महीने की मजदूरी का भुगतान कर दिया गया है।
बताते चलें कि प्रवासी मजदूर गुरुचरण महतो को दुबई में ट्रांसमिशन कंपनी द्वारा तीन माह से मजदूरी नहीं मिलने के कारण खाने-पीने में परेशानी हो रही थी।वेतन मांगने पर कंपनी अधिकारी द्वारा उसे धमकियां दी जा रही थीं।यही नहीं बल्कि उसे एक कमरे में बंद कर रखा गया था और महज एक समय खाना दिया जा रहा था।
मामले में प्रवासी मजदूरों के हित में काम करने वाले सामाजिक कार्यकर्ता सिकन्दर अली के माध्यम से वीडियो संदेश जारी किया था। मामला सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद झारखंड व भारत सरकार हरकत में आयी। गुरुचरण ने बताया कि दुबई से उड़ान भरने के बाद सबसे पहले ईश्वर का नाम लेते हुए अपने वतन की मिट्टी को चुमा, फिर गांव आकर अपने कुल देवी-देवताओं की पूजा की। उन्होंने बताया कि गांव में आकर तथा अपनों से मिलकर वे बहुत सुकून महसूस कर रहे हैं।
घर वापसी होने पर गुरुचरण ने केंद्र और राज्य सरकार,श्रम विभाग की टीम लीड शिखा लकड़ा, समाजसेवी सिकन्दर अली, उनकी आवाज को बुलंद करने वाले मीडियाकर्मियों का आभार प्रकट किया है। वही समाजसेवी सिकन्दर अली ने बताया कि रोजी-रोटी के लिए लाखों देशवासी विदेश और परदेश की ओर रूख अख्तियार करते हैं। इस दौरान कई घटनाएं घटित होती हैं, जो काफी दर्दनाक होता है। ना चाहते हुए भी इंसान को जीविकोपार्जन के लिए घर से बाहर जाना पड़ता है। ऐसे में सरकार को इस दिशा में ठोस कदम उठाने की जरूरत है।
![]()













Leave a Reply