Advertisement

गुवा के कच्छीधौड़ा में गुजराती समाज ने श्रद्धा व् भक्ति से मनाई बाबा जलाराम जयंती

सिद्धार्थ पांडेय/चाईबासा (पश्चिम सिंहभूम)। पश्चिम सिंहभूम जिला के हद में गुवा के कच्छीधौड़ा में 29 अक्टूबर को गुजराती समाज द्वारा श्रद्धा और भक्ति भाव से संत बाबा जलाराम की जयंती मनाई गयी।

इस अवसर पर सुबह से ही श्रद्धालु समाज के रहिवासी एकत्र होकर बाबा जलाराम की पूजा-अर्चना और भजन कीर्तन में शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत मंत्रोच्चारण और दीप प्रज्वलन के साथ की गई। रहिवासियों ने एकजुट होकर बाबा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर आरती उतारी। इसके बाद भक्तों के बीच प्रसाद वितरण किया गया। कार्यक्रम के पश्चात महा भोग प्रसाद का आयोजन किया गया, जिसमें उपस्थित श्रद्धालुओं ने बैठकर भोजन ग्रहण किया।

इस दौरान बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने भक्ति गीतों के माध्यम से बाबा जलाराम के प्रति अपनी आस्था प्रकट की। मौके पर समाज के बुजुर्गों ने बाबा जलाराम के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा मानव सेवा, दया और परोपकार का संदेश दिया। उनके सिद्धांत आज भी समाज को एकता और सेवा का मार्ग दिखाते हैं।

पूरे कार्यक्रम स्थल को फूलों और झालरों से सजाया गया था। श्रद्धालु भक्तों ने सामूहिक रूप से जय जलाराम के जयकारे लगाए जिससे वातावरण भक्तिमय हो गया। इस अवसर पर गुजराती समाज के अनेक परिवारों के अलावा आसपास के श्रद्धालु भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन भंडारा और आशीर्वचन के साथ किया गया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *