Advertisement

गुवा पुलिस ने 24 घंटे के भीतर चोरी का सामान सहित चोर को पकड़ा

फुटबॉल मैदान स्थित सेलकर्मी के घर से 6 लाख ज्वेलरी की हुई थी चोरी

सिद्धार्थ पांडेय/जमशेदपुर (झारखंड)। गुवा थाना प्रभारी अनिल कुमार यादव के दूरदर्शी सोच एवं कठिन परिश्रम ने एक अनसुलझी पहेली को 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया गया। पुलिस ने 24 घंटे के अंदर छह लाख का सामान सहित चोर को पकड़कर सलाखों के पीछे भेज दिया।

जानकारी के अनुसार पश्चिमी सिंहभूम जिला के हद में गुवा थाना क्षेत्र के फुटबॉल मैदान स्थित सेलकर्मी किशोर सिंह के घर से बीते 25 जनवरी की रात अज्ञात चोर ने घर का ताला तोड़कर अंदर रखे अलमीरा का लॉक तोड़कर उसमें रखें लगभग 6 लाख रुपए के सोने के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया।

चोरी गए सोने के गहनों में एक सोने का हार, एक सोने का चैन, दो सोने का मांग टीका, दो सोने का नथिया, तीन जोड़ा कान का झुमका, दो सोने की अंगूठी, एक चांदी का कमरकस, दो चांदी का बड़ा पायल, पांच चांदी का छोटा पायल शामिल है। जिसका लागत मूल्य लगभग छह लाख बताया गया है।

चोरी की घटना के संबंध में सेल कर्मी किशोर सिंह ने 27 जनवरी को बताया कि वे 24 जनवरी को अपने एक रिश्तेदार के शादी में जमशेदपुर गए थे। घर में ताला बंद कर रात में सोने के लिए अपनी नौकरानी शकुंतला देवी को चाबी दी थी। नौकरानी शकुंतला देवी घर पर रात में नहीं सोई, क्योंकि उसकी तबीयत खराब थी।

उन्होंने बताया कि 26 जनवरी को घर की नौकरानी शकुंतला घर में झाड़ू करने आई तो देखा कि घर का ताला टूटा पड़ा है। अंदर जाकर देखा तो अलमीरा का लॉक टूटा हुआ है। तुरंत इसकी सूचना सेल कर्मी सिंह को फोन पर दी गई।

सेल कर्मी तुरंत जमशेदपुर से गुवा के लिए रवाना हो गये। घर पहुंचने पर पाया कि घर में रखे अलमीरा में रखा सोने के सभी गहने जिसकी अनुमानित राशि लगभग 6 लाख रुपए की चोरी हो गई है। सिंह ने अपने स्तर से काफी खोजबीन की परंतु गहनों का कहीं पता नहीं चला। अंत में 26 जनवरी की शाम गुवा थाने में घर में हुई चोरी की घटना को लेकर एफआईआर दर्ज कराई।

गुवा थाना प्रभारी अनिल कुमार यादव ने सेल कर्मी सिंह के घर चोरी की घटना को लेकर एक टीम गठित की। थाना प्रभारी ने रात भर छापामारी अभियान चलाया। अंततः 24 घंटे के भीतर 27 जनवरी की सुबह चोर को पकड़ कर चोरी गये सभी गहनों को बरामद कर लिया। साथ ही ताला तोड़ने में इस्तेमाल औजार को भी जप्त कर लिया।

थाना प्रभारी के अनुसार चोरी करने वाले युवक आकाश सांडिल उर्फ डोंडु पिता मधुसूदन सांडिल निवासी सेवानगर गुवा का रहने वाले को गिरफ्तार कर किरीबुरू इंस्पेक्टर वीरेंद्र एक्का के निर्देशन में 27 जनवरी की शाम चाईबासा जेल भेज दिया।

गुवा पुलिस द्वारा 24 घंटे के अंदर चोरों को पकड़ सामान बरामद कर लेने पर रहिवासियों में पुलिस के प्रति काफी विश्वास बढ़ गया है। इस संबंध में किरीबुरू इंस्पेक्टर विरेंद्र एक्का ने कहा कि अकाश सांडिल के ऊपर पहले से ही कई चोरी का मामला गुवा थाना में दर्ज है। वह गुवा क्षेत्र में काफी चोरी की घटना को अंजाम दे चुका है। उसपर पुलिस की निगरानी बनी हुई थी।

उल्लेखनीय है कि चोरों को पकड़ने एवं पुलिसिया हिरासत में लेने हेतु गुवा थाना प्रभारी अनिल कुमार यादव को काफी मशक्कत करना पड़ा। अंततः थाना प्रभारी की दूरदर्शी सोच एवं कठिन परिश्रम ने एक अनसुलझी पहेली को सुलझा लिया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *