प्रहरी संवाददाता/पेटरवार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में पेटरवार के तेनु चौक स्थित स्व. छत्रु राम महतो चौक में 21 जनवरी को तत्कालीन बिहार सरकार के पूर्व वित्त राज्य मंत्री सह पूर्व विधायक स्व. छत्रु राम महतो की भव्य प्रतिमा का अनावरण समारोह आयोजित किया गया।
इस अवसर पर दिवंगत पत्नी पुंचू देवी ने प्रतिमा का अनावरण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में झारखंड सरकार के मंत्री योगेन्द्र प्रसाद, गिरिडीह सांसद सीपी चौधरी, राँची के पूर्व सांसद राम टहल चौधरी, डुमरी विधायक जयराम महतो, बगोदर विधायक नागेंद्र महतो, गोमिया के पूर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो, दिवंगत के पुत्र सह जिप सदस्य प्रह्लाद महतो सहित अनेक गणमान्य अतिथियों ने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर मंच से वक्ताओं ने स्व. छत्रु राम महतो के जीवन संघर्ष, राजनीतिक यात्रा और जनसेवा के योगदान को विस्तार से याद किया। वक्ताओं ने कहा कि दिवंगत महतो न केवल एक कुशल प्रशासक और दूरदर्शी वित्त मंत्री थे, बल्कि वे समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े पीड़ित की आवाज बनने वाले सच्चे जननेता थे। उन्होंने अपने पूरे राजनीतिक जीवन में ईमानदारी, सादगी और सिद्धांतों के साथ जनसेवा की मिसाल कायम की। क्षेत्र के विकास, शिक्षा, सड़क, स्वास्थ्य और सामाजिक न्याय के लिए किए गए उनके प्रयास आज भी प्रेरणा स्रोत हैं।
ज्ञात हो कि प्रतिमा की स्थापना से पेटरवार के तेनु चौक को एक नई पहचान मिली है, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा केंद्र के रूप में कार्य करेगी। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित गणमान्य जनों ने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर स्व. महतो के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। वही वक्ताओं ने कहा कि संयुक्त बिहार के पूर्व वित्त राज्य मंत्री सह पूर्व विधायक व पांच बार जरीडीह और गोमिया विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले स्व. छत्रु राम महतो की कृति व व्यक्तित्व का जितना भी बखान करेंगे वह सूरज को दीपक दिखाने के सामान होगा। कहा कि छत्रुराम महतो केवल एक राजनेता नहीं बल्कि लोकसेवा की जीती-जागती मिसाल थे।

संयुक्त बिहार सरकार में वित्त राज्य मंत्री और गोमिया के पूर्व विधायक के रूप में उन्होंने हमेशा समाज की आवाज़ को सशक्त किया था। सबका मानना था कि यह नामकरण मात्र एक प्रशासनिक कार्य नहीं बल्कि उस विरासत को अमर करने का संकल्प है, जिन्होंने झारखंड की जनता के लिए जीवन समर्पित किया था।
कार्यक्रम का संचालन दिनेश गुप्ता ने किया। मौके पर जिला परिषद अध्यक्ष सुनीता देवी, उपाध्यक्ष बविता देवी, जिप सदस्य प्रह्लाद महतो, भाजपा बोकारो जिलाध्यक्ष जयदेव राय, लक्ष्मण नायक, खेराचातर भाजपा मंडल अध्यक्ष आनंद कुमार महतो, शांतिलाल जैन, असित बनर्जी, सुधीर कुमार सिन्हा, संजय सिन्हा, धनु लाल महतो, यदुनंदन जायसवाल, राजेश विश्वकर्मा, करण महतो, गोपाल महतो, नवीन महतो, मुरली नायक, महानंद महतो, पंकज कुमार सिन्हा, अहलाद महतो, जुगल महतो, चुन्नू महतो सहित सैकड़ो रहिवासी उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply