Advertisement

कसमार में मिर्गीखो मेला का भव्य उद्घाटन

पूर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो ने दिया सामाजिक समरसता का संदेश

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड अंतर्गत मिर्गीखो मेला में आयोजित उद्घाटन समारोह में 15 जनवरी को गोमियां के पूर्व विधायक डॉ लम्बोदर महतो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। यहां दीप प्रज्वलन एवं फीता काटकर मेले का विधिवत उद्घाटन किया गया।

इस अवसर पर क्षेत्र की पारंपरिक लोक संस्कृति, लोकगीत, पारंपरिक परिधान और ग्रामीण रहिवासियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। मेले में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो ने कहा कि ऐसे पारंपरिक मेला हमारी सांस्कृतिक पहचान और विरासत का जीवंत प्रतीक हैं।

कहा कि यह मेला न केवल मनोरंजन का माध्यम हैं, बल्कि समाज को जोड़ने, आपसी भाईचारे को मजबूत करने और नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का भी महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि बदलते समय में भी लोक संस्कृति को सहेजकर रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

पुर्व विधायक ने कहा कि ग्रामीण अंचलों में आयोजित होने वाले ऐसे मेले सामाजिक समरसता, सहयोग और सौहार्द का संदेश देते हैं। इन आयोजनों से स्थानीय कलाकारों, कारीगरों और युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है, जिससे गांवों की सांस्कृतिक चेतना और अधिक सशक्त होती है।

उन्होंने मेला समिति एवं स्थानीय ग्रामीणों के सामूहिक प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि आपसी सहयोग और एकजुटता के बल पर ही ऐसे भव्य आयोजन संभव हो पाते हैं। उन्होंने मेला समिति को सफल आयोजन के लिए साधुवाद दी तथा क्षेत्रवासियों को इस तरह की परंपराओं को आगे भी जीवंत बनाए रखने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में पूर्व विधायक ने मेला समिति के सभी सदस्यों एवं ग्रामीणों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मिर्गीखो मेला आनेवाले वर्षों में और अधिक भव्यता के साथ क्षेत्र की पहचान बने, यही उनकी कामना है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *