Advertisement

चास में हस्तशिल्प प्रदर्शनी सह बिक्री मेला का भव्य शुभारंभ

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। राष्ट्रीय हस्तशिल्प विकास कार्यक्रम के तहत बिरसा क्राफ्ट प्रोड्यूसर कम्पनी लिमिटेड द्वारा आयोजित हस्तशिल्प प्रदर्शनी सह बिक्री मेला का भव्य शुभारंभ बोकारो जिला के हद में चास स्थित मगध बैंक्वेट हॉल में किया गया।

कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि बोकारो जिला उपायुक्त अजय नाथ झा, विशिष्ट अतिथि नाबार्ड डीडीएम फिलमोन बिलुंग, सहायक निदेशक हस्तशिल्प सेवा केंद्र देवघर शत्रुघ्न कुमार, सचिव जन जागरण केंद्र संजय कुमार सिंह, एवं बेरमो विधायक के निजी सचिव बिनोद महतो ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित एवं फीता काटकर किया।

जानकारी के अनुसार उक्त मेला बीते 7 अक्टूबर से आगामी 18 अक्टूबर तक आयोजित होगा, जिसमें झारखंड के विभिन्न जिलों के शिल्पकारों द्वारा बांस, लकड़ी, तसर, मिट्टी एवं अन्य पारंपरिक हस्तनिर्मित वस्तुओं का प्रदर्शन एवं बिक्री की जायेगी। उद्घाटन के अवसर पर मुख्य अतिथि झा ने अपने संबोधन में कहा कि हस्तशिल्प हमारी सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है। इस तरह के आयोजन न केवल स्थानीय कारीगरों को पहचान दिलाते हैं, बल्कि आत्मनिर्भर भारत के सपने को साकार करते हैं। उन्होंने बिरसा क्राफ्ट प्रोड्यूसर कम्पनी द्वारा ग्रामीण शिल्पकारों को प्रशिक्षण, विपणन और आत्मनिर्भरता की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत पौधा भेंट कर किया गया। तत्पश्चात सभी गणमान्य अतिथियों ने हस्तशिल्प उत्पादों का अवलोकन किया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और स्वागत गीत के बाद कार्यक्रम का समापन अश्वनी कुमार के धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया। ज्ञात हो कि, यह प्रदर्शनी प्रतिदिन सुबह 11 बजे से रात्रि 8 बजे तक आम जनता के लिए खुली रहेगी। इस अवसर पर भूपेन्द्र उपाध्याय, राजेश सिंह, आयुष माथुर, हरिपद कुमार कालिंदी, संचुर कालिंदी, अतुल कालिंदी, तरुबाला देवी, कन्हैया कुमार सहित कई गणमान्य एवं शिल्पकार उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *